CSK vs DC, IPL 2026 Highlights: संजू की सेंचुरी ने खोला CSK की जीत का खाता, दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से रौंदा

Chennai Super Kings vs Delhi Capitals: CSK ने आखिरकार 2 अंक बंटोर लिए हैं और तीन लगातार हार के बाद टीम ने शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया. इस मुकाबले में संजू सैमसन ने शानदार नाबाद शतक जड़ा जिसके दम पर सीएसके को 2 अंक मिले.

Advertisement
IPL 2026 में संजू सैमसन ने लगाई पहली सेंचुरी (Photo: ITG) IPL 2026 में संजू सैमसन ने लगाई पहली सेंचुरी (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:37 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) का 18वां मुकाबला शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया. एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेले गए इस मैच में सीएसके ने 23 रनों से जीत हासिल की और इस जीत से उनके इस सीजन लगातार 3 मैचों की हार का सिलसिला भी टूट गया. इस मुकाबले में संजू सैमसन ने केवल 52 गेंदों पर शतक जड़ा. ये इस सीजन का पहला आईपीएल शतक है और संजू के करियर का चौथा शतक था.

Advertisement

इस मुकाबले में टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. सीएसके ने संजू और म्हात्रे की शानदार पारी के दम पर 212 रन बनाए थे. वहीं, इसके जवाब में उतरी दिल्ली कैपिटल्स 189 रनों पर सिमट गई. ये दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी हार है.

ऐसे चली दिल्ली कैपिटल्स की बैटिंग

213 रनों के जवाब में उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक ठाक रही. केएल राहुल और निसंका ने आतिशी बल्लेबाजी की और 5 ओवर में ही 61 रन जड़ दिए. लेकिन इसी स्कोर पर केएल राहुल अपना विकेट गंवा बैठे. इसके बाद पथुम निसंका भी अगले ही ओवर में चलते बने. इसके बाद दिल्ली की पारी तब लड़खड़ा गई जब 7वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान अक्षर पटेल 66 के स्कोर पर ही आउट हो गए.

Advertisement

इसके बाद समीर रिजवी भी सस्ते में निपटे. फिर डेविड मिलर और स्टब्स के बीच अच्छी साझेदारी पनपी. लेकिन मिलर भी 17 रन बनाकर आउट हो गए. आखिरकार आशुतोष शर्मा और स्टब्स ने मोर्चा संभाला. लेकिन 15वें ओवर में आशुतोष अपना विकेट गंवा बैठे. आशुतोष ने 19 रन बनाए. स्टब्स ने 60 रनों की पारी खेली लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. दिल्ली की टीम 189 रनों पर सिमट गई.

ऐसे चली सीएसके की बैटिंग

पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सीएसके की पारी का आगाज संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने किया. इस मैच में संजू एक अलग ही लय में दिखे. उन्होंने पहली ही गेंद से आक्रमण किया. हालांकि, इसी बीच 62 के स्कोर पर ऋतुराज अपना विकेट गंवा बैठे. ऋतुराज के बल्ले से केवल 15 रन आए. लेकिन संजू ने मोर्चा संभाले रखा और तूफानी फिफ्टी जड़ी. आयुष म्हात्रे ने उनका बखूबी साथ दिया. 11वें ओवर ही सीएसके 100 का आंकड़ा पार कर गई.

इसके बाद संजू ने म्हात्रे के साथ शतकीय साझेदारी की. और संजू ने केवल 52 गेंदों में इस सीजन का पहला शतक जड़ दिया. वहीं, म्हात्रे ने भी फिफ्टी लगाई. लेकिन वो रिटायर्ड आउट हो गए. इसके बाद शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला. लेकिन संजू आखिरी गेंद तक टिके रहे और उन्होंने 56 गेंद में 115 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी पारी में संजू ने 15 चौके और 4 छक्के लगाए. इसके दम पर सीएसके ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए.

Advertisement

अब जानें अंक तालिका का हाल

इस मुकाबले के बाद अगर अंक तालिका पर नजर डालें तो राजस्थान की टीम 4 मैच में 4 जीत के साथ टॉप पर है. वहीं, पंजाब 4 मैच में 7 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है और आरसीबी 3 में 2 जीत के साथ तीसरे पायदान पर है. दिल्ली 4 में 2 जीत के साथ चौथे नंबर पर जरूर है. लेकिन दिल्ली की ये लगातार दूसरी हार है. वहीं, सीएसके अब अंक तालिका में सबसे फिसड्डी नहीं रही. बल्कि वो इस जीत के साथ एक पायदान ऊपर चढकर 9वें नंबर पर पहुंच गई है. वहीं, केकेआर अब 4 में केवल 1 अंकों के साथ 10वें यानी आखिरी नंबर पर है.

 

चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़, आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद.

दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिज़वी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार.

CSK ने अब तक तीन अलग-अलग मैदानों पर तीन मैच हारे हैं और उनकी शुरुआत काफी निराशाजनक रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement