Babar Azam Captaincy: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार कप्तान बाबर आजम का कद अब घटने वाला है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अब बाबर के पर को काटने की तैयारी में है. यह बड़ा कदम अपने ही घर में पाकिस्तान टेस्ट टीम की बुरी दुर्दशा के बाद के कारण उठाया जाएगा. यह फैसला पीसीबी की समीक्षा बैठक के बाद लिया जा सकता है.
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 2022 से अब तक कुल 10 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से उसे सिर्फ एक ही मैच में जीत मिली है. इसमें से 4 मैच ड्रॉ कराने में कामयाबी मिली. जबकि 5 मैचों में उसे हार झेलनी पड़ी है.
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को क्लीन स्वीप किया
सबसे बड़ी बात ये है कि हाल ही में इंग्लैंड टीम ने पाकिस्तान को उसी के घर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. पाकिस्तान टीम क्रिकेट इतिहास में पहली बार अपने घर में व्हाइट वॉश से हारी. इसके बाद न्यूजीलैंड टीम के साथ घर में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली. दोनों मैचों में पाकिस्तान हार के करीब थी, लेकिन किसी तरह से मुकाबले ड्रॉ कराने में कामयाबी हासिल की.
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड में काफी कुछ बदलाव हुए हैं. रमीज राजा की जगह नजम सेठी नए पीसीबी अध्यक्ष बनाए गए. जबकि मोहम्मद वसीम की अध्यक्षता वाली चयन समिति को भंग करके पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफरीदी नया चीफ सेलेक्टर बनाकर नई समिति बनाई. ऐसे में नए पीसीबी मैनेजमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचों को यह संकेत दे दिए हैं कि यदि ऐसा ही खराब प्रदर्शन चलता रहा, तो इस पर समीक्षा की जाएगी. पाकिस्तान में स्प्लिट कप्तानी का फॉर्मूला लाया जा सकता है.
पाकिस्तान टीम में आ सकती है स्प्लिट कप्तानी
ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में अनुबंध समाप्त होने के बाद पाकिस्तान टीम के कोच सकलैन मुश्ताक को अलविदा कह दिया जाएगा. इसके बाद मार्च में पाकिस्तान प्रीमियर लीग (PSL) होने के बाद एक समीक्षा बैठक की जाएगी. इसमें स्प्लिट कप्तानी समेत कई बड़े बदलाव हो सकते हैं.
हाल ही में पीसीबी चीफ नजम सेठी ने वनडे के नियमित उप-कप्तान शादाब खान की गैरमौजूदगी में शान मसूद को नया उप-कप्तान बनाया. जबकि मसूद ने आखिरी वनडे मैच 2019 में खेला था. ऐसे में लोगों ने मसूद को बाबर की कप्तानी के लिए एक चुनौती के रूप में समझा है. ऐसे में अब यह समझा जा रहा है कि नजम सेठी के नेतृत्व वाला मैनेजमेंट वनडे टीम में भी उठापटक करने के मूड में नजर आ रहा है.
पुराने दौर को लाना चाहते हैं नजम सेठी
नजम सेठी ने 2018 में इमरान खान के प्रधानमंत्री बनने के बाद पीसीबी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. मगर अब दोबारा लौटने के बाद वह अपने पुराने यानी 2018 वाले स्ट्रक्चर को दोबारा लाना चाह रहे हैं. इसका उदाहरण ये भी है कि सरफराज अहमद की भी टीम में वापसी कराई है. नजम सेठी क्षेत्रीय और विभागीय क्रिकेट की वापसी कराते हुए इसे 2018 वाली स्थिति में वापस ले गए हैं. अब माना जा रहा है कि समीक्षा बैठक के बाद बाबर आजम की कप्तानी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया जा सकता है.
aajtak.in