पाकिस्तान क्रिकेट टीम का खराब दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. टी20 वर्ल्ड कप के बाद बांग्लादेश के खिलाफ 3 मैचों की ODI सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा.
सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला ढाका में खेला गया, जहां शाहीन शाह आफरीदी की कप्तानी वाली टीम को 11 रन से हार झेलनी पड़ी. इस हार के साथ ही सीरीज बांग्लादेश के नाम हो गई.
पाकिस्तान का हालिया रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है. टीम ने 2021 T20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल और 2022 में फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन इसके बाद लगातार गिरावट आई.
2023 ODI वर्ल्ड कप, 2024 T20 वर्ल्ड कप और 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी में टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई, जबकि 2026 T20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ सकी.
रिजवान पर क्यों भड़के अहमद शहजाद?
वनडे सीरीज हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने सीनियर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान पर जमकर निशाना साधा.
रिजवान इस ODI सीरीज में पूरी तरह फ्लॉप रहे और 3 मैचों में सिर्फ 58 रन ही बना सके. शहजाद ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- गेंद आपके रेंज में आ रही है, रिजवान साहब. इतना समय हो गया, लेकिन आपने कोई सुधार नहीं किया. आपकी तकनीक ही नहीं है. आपका गेम सिर्फ लेग साइड पर आधारित है. लर्न ही लर्न स्टार्ट हो (Learn he learn start ho) गया है.
उन्होंने आगे कहा कि रिजवान को इस सीरीज में शतक बनाकर सेलेक्टर्स को जवाब देना चाहिए था, खासकर तब जब उन्हें T20 वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली थी.शहजाद यहीं नहीं रुके. उन्होंने रिजवान की अप्रोच पर भी सवाल उठाए- आप सिर्फ बातें करते रहते हैं. आपको पैसे मैदान में प्रदर्शन के लिए मिलते हैं. बैट और बॉल के बीच बड़ा गैप है. लाइन में क्यों नहीं आ रहे? बड़ा दिल दिखाइए और रन बनाइए. जब कोई तेज स्पीड से गेंद फेंकता है, तो आप गेंद की रेंज में नहीं आ पाते हैं.
ध्यान रहे मोहम्मद रिजवान को ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया था. बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज में वापसी के बावजूद वह मौके का फायदा नहीं उठा सके.लगातार ICC टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन और अब बांग्लादेश से सीरीज हार ने पाकिस्तान टीम की हालत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिजवान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुल मिलाकर 58 रन बनाए, इसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 44 का रहा. ऐसे में निश्वित तौर पर उनके प्रदर्शन पर सवाल उठना लाजिमी हो गया है. आपकी रिजवान के प्रदर्शन को लेकर क्या राय है?
aajtak.in