राजस्थान के खैरथल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां पुलिस ने अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत के नाम पर लोगों को डराकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें हरियाणा के नूंह जिले के आंधाकी गांव निवासी नूरदीन मौलवी और खैरथल निवासी तांत्रिक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक परिवार को यह कहकर अपने जाल में फंसाया कि उनके घर पर जिन्न और भूत-प्रेत का साया है. इतना ही नहीं, परिवार के किसी सदस्य की जान जाने का भय भी दिखाया गया. डर और अंधविश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने खुद को समस्या का समाधान बताकर परिवार का भरोसा जीत लिया.
इसके बाद पीड़ित परिवार को इलाज और तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के नाम पर हरियाणा ले जाया गया. वहां अलग-अलग किस्तों में उनसे 25 हजार रुपये, 12 लाख रुपये, 11.50 लाख रुपये और 5.50 लाख रुपये वसूले गए. आरोपियों ने बकरे की बलि, पूजा-पाठ, हवन सामग्री और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर भी करीब 1.73 लाख रुपये ले लिए. इस तरह कुल मिलाकर लगभग 32 लाख रुपये की ठगी की गई.
जिन्न और भूत-प्रेत का साया बताकर परिवार को बनाया शिकार
पीड़ित पक्ष ने 22 मई 2026 को खैरथल थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर मामला संख्या 187/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह, किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव और थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया.
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मामले की भनक लगने के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं. इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए 22 जून को हरियाणा के मेवात क्षेत्र में दबिश दी. यहां से मुख्य आरोपी नूरदीन मौलवी को आंधाकी गांव से गिरफ्तार किया गया. वहीं दूसरे आरोपी राजेन्द्र प्रसाद शर्मा को खैरथल से पकड़ा गया.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली है. अब पुलिस ठगी की रकम की बरामदगी और फरार आरोपी आबिद मौलवी की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा के खिलाफ वर्ष 1994 और 2003 में चोरी, अतिक्रमण और मारपीट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं.
एक आरोपी पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी के मामले भी दर्ज
वहीं नूरदीन मौलवी के खिलाफ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में धोखाधड़ी तथा हरियाणा के पुन्हाना में दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज है. पुलिस दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य धोखाधड़ी के मामलों की भी जांच कर रही है. खैरथल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भूत-प्रेत, टोना-टोटका और अंधविश्वास के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं. यदि कोई व्यक्ति तंत्र-मंत्र, बलि, पूजा-पाठ या किसी भी प्रकार के अंधविश्वास के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.
हिमांशु शर्मा