MP में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन आज... 747KM लंबा हाइवे जाम करने की तैयारी, 11 जिले हो सकते हैं प्रभावित

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर सियासत गरमा गई है. MSP पर खरीदी में अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस आज महाराष्ट्र बॉर्डर से यूपी बॉर्डर तक 747 किलोमीटर लंबे आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर चक्का जाम करेगी. इस बड़े प्रदर्शन से इंदौर, ग्वालियर, शिवपुरी समेत 11 जिलों में यातायात और व्यापार प्रभावित हो सकता है.

Advertisement
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए आरोप. (File Photo: ITG) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए आरोप. (File Photo: ITG)

रवीश पाल सिंह

  • भोपाल,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:06 AM IST

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी में हो रही परेशानी को लेकर किसानों में नाराजगी बनी हुई है. न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीदी में अव्यवस्थाओं और किसानों को हो रही परेशानियों के विरोध में कांग्रेस आज प्रदेशव्यापी बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है. पार्टी ने आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर करीब 747 किलोमीटर लंबा चक्का जाम करने का ऐलान किया है, जिससे प्रदेश के कई जिलों में ट्रैफिक और कारोबार प्रभावित हो सकता है.

Advertisement

कांग्रेस का यह प्रदर्शन महाराष्ट्र बॉर्डर से लेकर यूपी बॉर्डर तक किया जाएगा. पार्टी के अनुसार, यह चक्का जाम सेंधवा से शुरू होकर इंदौर, देवास, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर और मुरैना तक फैलेगा. इस दौरान आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे यानी एबी रोड पर जगह-जगह प्रदर्शन और सड़क जाम की तैयारी की गई है.

इस आंदोलन की जद में करीब 11 जिले आ सकते हैं. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है. किसानों को समय पर स्लॉट नहीं मिल रहे, भुगतान में देरी हो रही है और कई जगहों पर तौल व्यवस्था भी प्रभावित है. इसके अलावा किसानों को मंडियों और खरीदी केंद्रों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, महापंचायत में पहुंचे राकेश टिकैत

कांग्रेस का कहना है कि सरकार किसानों को राहत देने के बजाय उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है. इसी के विरोध में पार्टी ने सड़क पर उतरने का फैसला लिया है. पार्टी कार्यकर्ताओं और किसान संगठनों को हाइवे पर बड़े स्तर पर जुटाने की तैयारी की गई है.

Advertisement

जिस एबी रोड को जाम करने की तैयारी है, वह देश के सबसे महत्वपूर्ण हाइवे में से एक है. पहले इसे नेशनल हाइवे-3 के नाम से जाना जाता था. यह हाइवे आगरा को मुंबई से जोड़ता है और मध्य प्रदेश के कई बड़े शहरों से होकर गुजरता है. 

प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. कई जिलों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाया गया है. ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी भी की जा रही है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नजर बनाए हुए हैं.

कई बड़े शहरों में ट्रैफिक हो सकता है प्रभावित

मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, ब्यावरा, देवास और इंदौर जैसे शहर इसी मार्ग पर हैं. इंदौर, देवास और ग्वालियर प्रदेश के बड़े बिजनेस हब माने जाते हैं. इस हाइवे से हर घंटे हजारों कॉमर्शियल और यात्री वाहन गुजरते हैं. ऐसे में चक्का जाम का असर माल ढुलाई, बिजनेस और आम लोगों की आवाजाही पर पड़ सकता है.

बता दें कि प्रदेश में इस समय MSP पर गेहूं खरीदी का काम जारी है, लेकिन इसे लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की अनदेखी और गेहूं खरीदी व्यवस्था में भारी अव्यवस्थाओं का आरोप लगाया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि खरीदी केंद्रों पर किसान परेशान हैं, उन्हें समय पर सुविधा और भुगतान नहीं मिल रहा, जबकि सरकार व्यवस्थाओं को बेहतर बताने में जुटी है. किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरने जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement