'मान लिया था, अब मैं भी डूब जाऊंगा...' जबलपुर क्रूज हादसे में 4 घंटे तक मौत से लड़ते रहे 72 साल के रियाज

जबलपुर के बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे में 72 साल के रियाज हुसैन ने मौत को बेहद करीब से देखा. डूबते क्रूज के भीतर गर्दन तक पानी में फंसे रियाज करीब चार घंटे तक जिंदगी की आखिरी उम्मीद थामे रहे. जब उन्हें लगा कि अब बचना नामुमकिन है, तभी रेस्क्यू टीम उनके लिए फरिश्ता बनकर पहुंची.

Advertisement
रियाज की पत्नी और एक रिश्तेदार और उनका बेटा अब भी लापता. (Photo: Screengrab) रियाज की पत्नी और एक रिश्तेदार और उनका बेटा अब भी लापता. (Photo: Screengrab)

पुनीत कपूर

  • जबलपुर,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:46 AM IST

मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर हुआ क्रूज हादसा कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला जख्म बन गया. इस भयावह हादसे में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई. 72 साल के रियाज हुसैन भी उस क्रूज पर सवार थे. डूबते क्रूज के भीतर गर्दन तक पानी में रियाज ने करीब चार घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया. इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव मिल चुके हैं.

Advertisement

गुरुवार की शाम जब क्रूज नर्मदा नदी के बैकवाटर में पहुंचा, तभी मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवाएं चलने लगीं और पानी में ऊंची लहरें उठने लगीं. देखते ही देखते क्रूज डगमगाने लगा. कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई. लोग चीखने लगे, कोई लाइफ जैकेट तलाश रहा था तो कोई अपने परिजनों को संभालने में जुटा था.

यहां देखें Video

रियाज हुसैन भी अपने परिवार के साथ इस सफर पर निकले थे. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह यात्रा जिंदगी की सबसे खौफनाक यात्रा बन जाएगी. जैसे ही क्रूज में पानी भरना शुरू हुआ, रियाज ने खुद को संभाला.

क्रूज तेजी से पानी में समा रहा था. ऐसे में रियाज को क्रूज का एक छोटा-सा हिस्सा दिखाई दिया, जो अब भी पानी से करीब दो फीट ऊपर था. उन्होंने वहीं खुद को टिकाया. कुछ ही मिनटों में पानी उनकी गर्दन तक पहुंच गया. सांसें चल रही थीं, लेकिन हर पल मौत सामने खड़ी नजर आ रही थी.

Advertisement

रियाज बताते हैं कि उस वक्त उन्हें लगने लगा था कि अब बचना मुश्किल है. चारों तरफ पानी था, अंधेरा था और क्रूज से टकराती लहरों की भयावह आवाजें दिल दहला रही थीं. उनके मन में बस एक ही ख्याल आया- सब डूब रहे हैं, अब मैं भी डूब जाऊंगा.

यह भी पढ़ें: मां के सीने से लिपटा मिला 4 साल का मासूम... जबलपुर क्रूज हादसे में अब तक 9 मौतें, 23 की बची जान

लेकिन जिंदगी अभी हार मानने को तैयार नहीं थी. रियाज ने हिम्मत नहीं छोड़ी. करीब चार घंटे तक वह उसी स्थिति में डटे रहे. गर्दन तक पानी, शरीर ठंड से कांप रहा था और सांसों पर भी संकट था.

इसी बीच उन्हें बाहर से लोगों की आवाजें सुनाई दीं. यह आवाजें उनके लिए उम्मीद की किरण बन गईं. उन्होंने पूरी ताकत से क्रूज की दीवारों पर हाथ मारना शुरू किया. आवाज सुनकर रेस्क्यू टीम उनकी ओर पहुंची.

बचाव दल ने गैस कटर की मदद से क्रूज के ऊपरी हिस्से को काटा और आखिरकार रियाज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, इस चमत्कारी बचाव के बावजूद रियाज की खुशियां अधूरी हैं. हादसे के बाद से उनकी पत्नी और समधन अब भी लापता हैं. एक तरफ अपनी जिंदगी बचने की राहत है, तो दूसरी तरफ अपनों की चिंता उन्हें भीतर से तोड़ रही है.

Advertisement

23 लोगों को बचाया गया, 9 लोगों के मिल चुके शव

दरअसल, बरगी डैम में गुरुवार की शाम करीब पांच बजे पर्यटकों से भरा क्रूज नर्मदा नदी के बैकवाटर में पहुंचा था. उसी दौरान मौसम अचानक बदल गया. तेज हवाएं चलने लगीं और पानी में ऊंची लहरें उठने लगीं. कुछ ही देर में क्रूज डगमगाने लगा. यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. देखते ही देखते क्रूज में पानी भरने लगा और वह डूबने लगा.

इस घटना के बाद सूचना मिली तो स्थानीय प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और बाद में एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. अब तक 23 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि 9 लोगों की मौत हो चुकी है. लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement