क्या आपके घर में भी वॉशिंग मशीन है? जरूर होगी. क्या आप उसमें सिर्फ कपड़े धोते हैं? ये पढ़कर आप सोचेंगे कि ये कैसा सवाल हुआ क्योंकि वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल कपड़े धोने के लिए ही तो किया जाता है. है ना? लेकिन अगर हम कहें कि जिस वॉशिंग मशीन में आप सिर्फ कपड़े धोते हैं वो मशीन घर के कई और काम भी आसान बना सकती है तो शायद आपको यकीन न हो. लेकिन ये सच है. कई ऐसी चीजें होती हैं जिन्हें हम घंटों तक हाथ से रगड़-रगड़ कर साफ करते हैं, जबकि उन्हें वॉशिंग मशीन में डालकर बिना ज्यादा मेहनत के आसानी से चमकाया जा सकता है.
जानना चाहते हैं वो कौन सी चीजें हैं जिन्हें आप वॉशिंग मशीन में धोकर आपना काम आसान बना सकते हैं, तो ये खबर आपके लिए है. चलिए जानते हैं ऐसी 5 चौंकाने वाली चीजों के बारे में, जिन्हें आप बेझिझक वॉशिंग मशीन में साफ कर सकते हैं.
शॉवर कर्टेन: आपका शॉवर कर्टेन नहाते वक्त रोज पानी में भीगता है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वो खुद-ब-खुद साफ हो जाता है. उस पर भी गंदगी और दाग जमा हो जाते हैं. अगर आपका शॉवर कर्टेन नायलॉन या कोटेड कपड़े का है, तो आप के शॉवर कर्टेन को आप उसे वॉशिंग मशीन में डाल सकते हैं. वॉशिंग मशीन में डालने से पहले अगर आप उसे बेकिंग सोडा और सिरके में भिगो दें तो गंदगी जल्दी निकल जाती है.
बैकपैक भी धो सकते हैं: स्कूल हो, कॉलेज हो या फिर ऑफिस जाने वाले लोग सभी बैकपैक्स का इस्तेमाल करते हैं. इस बैग में धूल और बदबू जमा हो जाती है. ऐसे में इसे धोने में काफी मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन अगर आप इसे वॉशिंग मशीन में डाल दें तो ये आसानी से साफ हो जाएगा. इसे धोने से पहले बैग खाली कर लें और उल्टा करके झाड़ लें. अगर बैग डेलिकेट है तो उसे लॉन्ड्री बैग में डालें और हल्के डिटर्जेंट के साथ जेंटल मोड में धोएं. इससे बैग साफ भी होगा और खराब भी नहीं होगा.
पालतू जानवरों के कॉलर: पालतू जानवरों के कॉलर में बदबू और बैक्टीरिया जल्दी जमा हो जाते हैं, इसलिए इन्हें साफ करना जरूरी है. फैब्रिक कॉलर को मशीन में जेंटल मोड पर धो सकते हैं. लेकिन धोने से पहले इस पर जमी ढीली मिट्टी हटा लें और बकल वाली जगहों पर ध्यान दें.
री-यूजेबल शॉपिंग बैग: आप रोजाना इस्तेमाल होने वाले री-यूजेबल बैग्स भी वॉशिंग मशीन में धो सकते हैं. उनमें खाने-पीने की चीजों से बैक्टीरिया जल्दी फैलते हैं. ऐसे में इन्हें अंदर से उल्टा करके वॉशिंग मशीन में डालें और हल्के डिटर्जेंट के साथ धो लें.
योगा मैट भी मशीन में हो सकता है साफ: योगा मैट पर पसीना और गंदगी जमा हो जाती है, जिससे बदबू आने लगती है. अगर आपका मैट ठंडे पानी में साफ हो सकता हो तो उसे ठंडे पानी में जेंटल मोड पर धो सकते हैं. ध्यान रखें कि हार्श केमिकल या फैब्रिक सॉफ्टनर का इस्तेमाल न करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क