How to Get Rid Of Ants From Sugar Container: गर्मियों के मौसम में जहां एक तरफ धूप की तपिश के प्रकोप से लोग परेशान रहते हैं, वहीं घरों के अंदर छोटी-छोटी चीटियों का आतंक देखने को मिलता है. चीटियां तक इस समय में खूब बाहर निकलती हैं और बेड से लेकर खाने तक पर चढ़ जाती हैं. कई बार तो लोगों के कपड़ों में लाल चीटियां चढ़ी होती हैं और उन्हें पहनने के बाद पता लगता है.
ऐसे में कहना गलत नहीं होगा कि चीटियां कहीं भी चढ़ जाती हैं. खासकर चीनी का डिब्बा अगर थोड़ी देर भी खुला रह जाए, तो उसमें चींटियों की लाइन लग जाती है. कई लोग परेशान होकर पूरी चीनी फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं तो आप अपना नुकसान कर रहे हैं. थोड़ी सी समझदारी और कुछ आसान घरेलू उपायों से इस समस्या को मिनटों में दूर किया जा सकता है. खास बात ये है कि आपको चीनी के डिब्बे से चीटियों को भगाने के लिए किसी केमिकल की जरूरत नहीं पड़ती और चीनी खराब होने से भी बच जाती है. चलिए जानते हैं कैसे आप चीटियों को चीनी के डिब्बे से दूर भगा सकते हैं.
1. लौंग और धूप से भगाएं चीटियां: अगर चीनी में बहुत ज्यादा चींटियां भर गई हैं, तो सबसे पहले उसे किसी बड़ी थाली या साफ कपड़े पर फैला दें. अब इसे 10–15 मिनट धूप में रखें. इसके बाद उसमें 5–6 लौंग डाल दें. चीटियां तुरंत भाग जाएंगी और चीनी बिल्कुल साफ हो जाएगी. ये तरीका बहुत आसान और असरदार माना जाता है.
2. दालचीनी से दूर भागेंगी चींटियां: इस लिस्ट में दूसरा नाम दालचीनी का है. दालचीनी सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि चींटियों को दूर रखने में भी मदद करती है. इसके लिए चीनी को फैलाकर उसमें दालचीनी की छोटी-छोटी लकड़ियां डाल दें. कुछ देर में चींटियां गायब होने लगेंगी. चाहें तो दालचीनी को कपड़े में बांधकर सीधे चीनी के डिब्बे में भी रख सकते हैं. इससे दोबारा चींटियां आने का चांस भी कम हो जाता है.
3. गुनगुने पानी वाला ट्रिक: अगर आपके पास इंतजार करने का समय नहीं है और आप ज्यादा मेहनत नहीं करना चाहते, तो ये तरीका काम आ सकता है. चीटियों से भरे चीनी के डिब्बे को आप एक बड़े बर्तन में रख दें, जिसमें हल्का गुनगुना पानी भरा हो. ध्यान रखें कि पानी इतना गर्म न हो कि चीनी पिघलने लगे. अब पानी वाले बर्तन के ऊपर कोई स्टैंड, कटोरी या लोटा रखकर उसके ऊपर चीनी की थाली रखें. करीब 10 मिनट बाद चींटियां चीनी छोड़कर बाहर निकल जाएंगी.
4. नींबू के छिलके: चींटियों को नींबू की खुशबू बिल्कुल पसंद नहीं होती. ऐसे में चीनी में नींबू के ताजे छिलके रख दें या थोड़ा सा नींबू का रस डिब्बे के आसपास छिड़क दें. इससे चींटियां जल्दी भाग जाती हैं और दोबारा आने से भी बचती हैं.
चींटियां दोबारा न आएं, उसके लिए अपनाएं ये टिप्स
अगर आप चाहते हैं कि एक बार चीनी के डिब्बे से चीटियां भगाने के बाद वो फिर कभी उसमें न चढ़ें तो ये टिप्स अपना सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क