Fridge Cleaning Tips Summers: फ्रिज का इस्तेमाल सिर्फ गर्मियों में ही नहीं सभी मौसम में किया जाता है. लेकिन गर्मी के मौसम में इसका इस्तेमाल बहुत ज्यादा बढ़ जाता है. दरअसल, गर्मी में कुछ भी चीज बाहर छोड़ने से वो जल्दी खराब हो जाता है. ऐसे में फ्रिज लोगों का वो साथी बन जाता है, जो खाने-पीने की चीजों को फ्रेश बनाए रखने में मदद करता है. लेकिन अक्सर लोग फ्रिज को साफ करने में देरी कर देते हैं. इसके साथ ही अगर कई बार देरी नहीं भी करते हैं तो सफाई के दौरान कुछ गलतियां कर बैठते हैं, जिनकी वजह से इसकी कूलिंग पर असर पड़ सकता है.
कूलिंग पर होने वाले असर से ना केवल खाना फ्रिज में रखने के बाद भी खराब होता है, बल्कि ये आपके पैसों का खर्च भी बढ़ा देती है. फ्रिज की सफाई के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी बाद में महंगे रिपेयर बिल का कारण भी बन सकती है. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपका फ्रिज सालों तक बिना किसी परेशानी के चलता रहे, तो सफाई करते समय कुछ गलतियों करने से जरूर बचें.
1. तेज केमिकल वाले क्लीनर का इस्तेमाल करना: बहुत से लोग फ्रिज को चमकाने के लिए तेज बदबू वाले और ज्यादा एसिडिक केमिकल या ब्लीच का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन ये तरीका सही नहीं है. ऐसे क्लीनर की बदबू फ्रिज के अंदर रह सकती है और खाने की चीजों पर भी असर डाल सकती है. सफाई के लिए हल्के साबुन, गुनगुने पानी या सिरके के घोल का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है.
2. दरवाजे की रबर स्ट्रिप को नजरअंदाज करना: आपने गौर किया होगा कि फ्रिज के दरवाजे के किनारे पर रबर सील लगी होती है. ये रबर सील ठंडी हवा को अंदर बनाए रखने का काम करती है. अगर इस रबर में धूल और गंदगी जमा हो जाए तो दरवाजा ठीक से बंद नहीं होता और कूलिंग पर बुरा असर होता है. इसलिए सफाई के दौरान इस हिस्से को कभी भी जोर लगाकर साफ न करें. हमेशा सॉफ्ट ब्रश या कपड़े की मदद से इसकी सफाई करें.
3. सफाई के बाद फ्रिज को गीला छोड़ देना: बहुत से लोग फ्रिज साफ तो कर लेते हैं, लेकिन अंदर की नमी को ठीक से नहीं सुखाते हैं. इस नमी के कारण बदबू, फफूंदी और बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है. सफाई पूरी होने के बाद सूखे कपड़े से सभी हिस्सों को अच्छी तरह पोंछना जरूरी है.
4. पीछे लगी कॉइल्स की सफाई न करना: अगर आप पूरा फ्रिज अच्छे से साफ करते हैं, लेकिन उसके पीछे लगी कॉइल्स की सफाई करना भूल जाते हैं तो भी उसकी कूलिंग पर बुरा असर पड़ सकता है. फ्रिज के पीछे या नीचे लगी कंडेंसर कॉइल्स पर धूल जमने लगती है. जब ये गंदी हो जाती हैं तो फ्रिज को ठंडा रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इससे बिजली की खपत बढ़ सकती है और मशीन पर एक्स्ट्रा दबाव पड़ता है. साल में कम से कम एक या दो बार इनकी सफाई जरूर करें.
5. प्लग निकाले बिना डीप क्लीनिंग शुरू कर देना: फ्रिज की गहरी सफाई करते समय सबसे पहले उसका प्लग निकालना चाहिए. पानी और बिजली का कॉम्बिनेशन खतरनाक साबित हो सकता है. इसके साथ ही इससे फ्रिज के इलेक्ट्रिकल पार्ट्स को नुकसान पहुंचने का खतरा भी कम हो जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क