मई के महीने में भारत की धरती पर दो अलग-अलग मौसम एक साथ नजर आ रहे हैं. दिल्ली-NCR, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को झुलसा रही है. वहीं, कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ बर्फ की सफेद चादर ओढ़े हुए ठंडक बिखेर रहे हैं.
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में गुरुवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में आज (शुक्रवार), 22 मई की सुबह से बारिश हो रही है. इससे इलाके का तापमान काफी गिर गया है. उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा जिले में गुरेज सेक्टर, जोजिला पास और सोनमर्ग में बर्फबारी हुई. घाटी के कई ऊंचे पहाड़ों पर भी बर्फ जमी हुई है. वहीं, श्रीनगर के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कई जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और ओले पड़ने की संभावना है. 25 मई तक सुबह मौसम साफ रहेगा, लेकिन दोपहर बाद कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है.
वहीं, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 22 मई (शुक्रवार) को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज आंधी, बिजली, ओले और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 22 और 23 मई को कुछ अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 से 26 मई तक ऊंचे इलाकों में कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी हो सकती है.
पहाड़ों पर बर्फ की ठंडक, मौसम सुहावना
वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में मौसम मस्ताना और सुहावना है. कश्मीर घाटी, उत्तराखंड और हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, द्रास, जोजिला जैसे ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी से पहाड़ों पर बर्फ की परत नजर आ रही है. हिमाचल में रोहतांग पास, स्पीति घाटी, सोलंग वैली, केलांग और अन्य ऊंचे दर्रों पर भी बर्फ की मौजूदगी है. इससे वहां का मौसम कूल और सुहावना बना हुआ है. श्रीनगर में दिन का तापमान 18-22 डिग्री के आसपास रह रहा है, जबकि शिमला में 25-30 डिग्री के बीच है.
उत्तर भारत में अंगारा और पहाड़ों में मौसम मस्ताना... लद्दाख के जोजिला में बर्फबारी
दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का सितम
दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में तापमान 43-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. 21 मई को सफदरजंग स्टेशन पर 43.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में पारा 44-45 डिग्री के पार पहुंचा.
प्रचंड गर्मी से दहका उत्तर भारत, मौसम का पारा हाई! देखें अलग-अलग शहरों का हाल
वहीं, NCR के शहरों की हालत भी खराब है. गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद में 42-44 डिग्री के आसपास तापमान है, जबकि रोहतक जैसे इलाकों में पारा 45 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है. रातें भी राहत नहीं दे रही हैं. गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है और दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. पावर डिमांड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है क्योंकि एसी और कूलर दिन-रात चल रहे हैं.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर कम निकलें, ज्यादा पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें. इस बीच IMD ने गर्मी से अभी राहत नहीं मिलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.अगले कुछ दिनों में भी 44-46 डिग्री तापमान और हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है.
क्यों हो रहा है ऐसा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ा हुआ है. राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म और सूखी हवाएं दिल्ली-NCR को झुलसा रही हैं. वहीं, हिमालय क्षेत्र में ऊंचाई के कारण तापमान कम रहता है. पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं.
aajtak.in