नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक प्रधानमंत्री रहने के नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ा. वहीं, पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात फ्रांस में होने वाले जी7 समिट में हो सकती है. इन खबरों के अलावा, दिल्ली एनसीआर में हवाएं इतनी तेज चलीं कि पिछले कई दशकों के कुछ सबसे शक्तिशाली झोंके दर्ज किए गए. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
नेहरू से आगे निकले मोदी...रिकॉर्ड बना, अब अग्निपरीक्षा की बारी
26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी लगातार 4,399 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया. इसके साथ ही उन्होंने आज़ाद भारत में चुनी हुई सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इस तरह नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक पीएम रहने वाले नेता बन गए हैं.
G7 Summit में हो सकती है मोदी-ट्रंप की मुलाकात, फ्रांस में द्विपक्षीय वार्ता मुमकिन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच जल्द ही मुलाकात हो सकती है. दोनों नेताओं की ये बैठक फ्रांस में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन के इतर होने की संभावना जताई जा रही है. G7 शिखर सम्मेलन 16 और 17 जून 2026 को फ्रांस में आयोजित होने जा रहा है. इस साल जी-7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी फ्रांस कर रहा है.
दिल्ली-NCR में मौसम का रौद्र रूप, 128 KM/घंटा की स्पीड वाली हवाओं ने उड़ाए होश
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार रात तेज़ बारिश, गरज और धूल भरी आंधी से मौसम का मिज़ाज बदल गया. तेज़ हवाओं ने कई दशकों के सबसे शक्तिशाली झोंकों का रिकॉर्ड बनाया. पूसा में 128 किलोमीटर प्रति घंटा और पालम में 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवा चली. हालांकि दिल्ली एनसीआर में बारिश उतनी नहीं आई, जितनी उम्मीद की जा रही थी.
मस्क को भारत से झटका, Starlink की मंजूरी पर रोक, ईरान जंग में इस्तेमाल से बढ़ी चिंता
भारत सरकार ने एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को फिलहाल व्यावसायिक सेवाएं शुरू करने की अंतिम मंज़ूरी नहीं दी है. ईरान संघर्ष के दौरान स्टारलिंक टर्मिनलों के कथित इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा चिंताएं जताई गई हैं. यही वजह है कि गृह मंत्रालय के अधीन सुरक्षा एजेंसियों ने स्टारलिंक लॉन्च के लिए आवश्यक अंतिम अनुमति रोक रखी है.
जयपुर के पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से सात लोगों की मौत
जयपुर के खोनागोरियां इलाके में मंगलवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर क़ाबू पाया गया, जबकि हादसे के कारणों की जांच जारी है.
'गलत इस्तेमाल हुआ तो खतरा'... चेतावनी के बावजूद खुद Anthropic ने लॉन्च किया Mythos जैसा AI मॉडल
एंथ्रोपिक ने अपना नया AI मॉडल Claude Fable 5 लॉन्च करने का ऐलान किया है. यह एक Mythos क्लास मॉडल है, जिसे पेड सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. एंथ्रोपिक कंपनी का दावा है कि इस AI मॉडल को विशेष सुरक्षा परत के साथ तैयार किया गया है, जो साइबर सुरक्षा और बायोलॉजी जैसे संवेदनशील विषयों पर ख़तरनाक जवाब देने से रोकती है.
पीएम मोदी को मिल रही दुनिया भर से बधाइयां, वर्ल्ड लीडरशिप कर रही है जमकर तारीफ
PM नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. इस उपलब्धि पर दुनिया के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. श्रीलंका के राष्ट्रपति ने इसे जनता के अटूट भरोसे का प्रमाण बताया, जबकि पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने मोदी को दुनिया के लिए रोल मॉडल कहा. त्रिनिदाद-टोबैगो की PM ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने अंतरिक्ष में बढ़ाई अपनी ताकत, 16 महीनों में लॉन्च किए 6 नए सैटेलाइट
भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने अपनी अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमताओं को तेज़ी से बढ़ाया है. पिछले 16 महीनों में उसने छह नए सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजे हैं. इनका इस्तेमाल निगरानी और रणनीतिक गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए किया जा सकता है. ये सैटेलाइट हाई-रिज़ॉल्यूशन तस्वीरें लेने में सक्षम बताए जा रहे हैं.
भारत का सबसे महंगा फिल्म टिकट अब हॉलीवुड के नाम! रिलीज से 40 दिन पहले 3400 रुपये में बिका 'द ओडिसी' का टिकट
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म द ओडिसी ने रिलीज़ से 40 दिन पहले ही भारत में ज़बरदस्त क्रेज़ दिखाया है. एडवांस बुकिंग शुरू होते ही कई शो भरने लगे हैं. मुंबई में 3300 रुपये तक के टिकट सोल्ड आउट हो गए, जबकि पुणे में एक टिकट की कीमत 3400 रुपये पहुंच गई. इसके साथ ही फिल्म ने भारत में सबसे महंगे मूवी टिकट का रिकॉर्ड बना लिया है.
मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश, दिल्ली-UP-हरियाणा में भी आज आंधी-तूफान का अलर्ट
देश में मॉनसून लगातार सक्रिय हो रहा है. कई इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफ़ान और तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई हिस्सों में आज धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
aajtak.in