महाराष्ट्र अभी पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़ी विमान दुर्घटना की घटना को पूरी तरह भूल भी नहीं पाया है कि गुरुवार को राज्य में एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का हेलिकॉप्टर कल्याण के पास अचानक आए तेज आंधी-तूफान में फंस गया. आसमान में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के कारण दृश्यता काफी कम हो गई थी.
स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत फैसला लिया और हेलिकॉप्टर को आगे ले जाने के बजाय मुंबई की ओर मोड़ दिया. पायलट की सूझबूझ और सतर्कता के चलते हेलिकॉप्टर को सुरक्षित मुंबई के जुहू स्थित पवन हंस सेंटर पर लैंड करा दिया गया.
बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे मुंबई से मुरबाड में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे. दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स से हेलिकॉप्टर में उड़ान भरी थी. लेकिन जैसे ही हेलिकॉप्टर नवी मुंबई के ऐरोली के पास पहुंचा, मौसम अचानक बिगड़ गया. आसमान में धूल भरी आंधी छा गई और दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे आगे उड़ान भरना सुरक्षित नहीं रह गया.
पायलट की सतर्कता से सुरक्षित लैंडिंग
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर अपने निर्धारित रूट से भटक गया था. हालांकि पायलट ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और तुरंत उड़ान को डायवर्ट करने का फैसला किया. इसके बाद हेलिकॉप्टर को सुरक्षित रूप से मुंबई के जुहू स्थित पवन हंस सुविधा केंद्र पर लैंड कराया गया. हेलिकॉप्टर में मौजूद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके साथ स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित रहे.
जिस मौसम की खराबी के कारण यह स्थिति बनी, उसका असर कल्याण और मुरबाड क्षेत्रों में भी देखने को मिला. तेज हवाओं और बेमौसम बारिश के कारण कई जगहों पर दृश्यता प्रभावित हुई और कुछ इलाकों में हल्के नुकसान की भी जानकारी सामने आई, जिसमें बिजली ढांचे पर असर शामिल है.
इस घटना के बाद खराब मौसम में हवाई उड़ानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि पायलट की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बच गए.
ऋत्विक भालेकर