तीर्थ पर गया परिवार तो बहुएं चली गईं मायके, घर से 35 लाख के जेवर ले उड़े चोर, नहीं छोड़ा CCTV भी

करनाल के पॉश सेक्टर-7 में चोरों ने बंद पड़े मकान में घुसकर लॉकर तोड़ दिए और करोड़ों की नहीं, लेकिन लाखों रुपये के सोने-चांदी व नकदी पर हाथ साफ कर दिया. वारदात के दौरान बदमाश सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है.

Advertisement
 घर से 35 लाख के जेवर ले उड़े चोर (Photo: itg) घर से 35 लाख के जेवर ले उड़े चोर (Photo: itg)

aajtak.in

  • करनाल,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:03 AM IST

हरियाणा के करनाल जिले के पॉश सेक्टर-7 इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. परिवार के सदस्य धार्मिक यात्रा पर श्री बद्रीनाथ गए हुए थे, जबकि घर की बहुएं अपने मायके में थीं. इसी दौरान शातिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और चांदी के सिक्कों पर हाथ साफ कर दिया. इतना ही नहीं, बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत न बच सके.

Advertisement

जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य यात्रा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए घर में लगे कैमरों की निगरानी कर रहे थे. वापसी के दौरान उन्हें कैमरों की फीड बार-बार बफरिंग होती दिखाई दी. उस समय उन्होंने सोचा कि शायद नेटवर्क की दिक्कत है, लेकिन जब सोमवार को परिवार घर पहुंचा तो वारदात का खुलासा हुआ.

घर के मेन गेट से अंदर प्रवेश करते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए. मकान का लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ था. अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजों के लॉक टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था. अलमारियां और लॉकर तोड़ दिए गए थे. बेड और कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था.

पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 2 से ढाई लाख रुपये की नकदी और बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके अलावा सीआईए की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.

पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है.

Input: कमलदीप
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »