दिल्ली में दिखेगा भीषण गर्मी का प्रकोप... 42 °C पहुंचेगा पारा, IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

दिल्ली में गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग ने 22 से 24 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को कई इलाकों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया, जो आने वाले दिनों में यह 42 डिग्री तक जा सकता है.

Advertisement
मौसम विभाग ने 22 से 24 अप्रैल तक दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट जारी किया. (Photo: PTI) मौसम विभाग ने 22 से 24 अप्रैल तक दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट जारी किया. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:25 PM IST

दिल्ली में गर्मी ने अब अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में हालात और कठिन हो सकते हैं. राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के मुताबिक, 22 से 24 अप्रैल के बीच शहर में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है.

Advertisement

सफदरजंग बेस स्टेशन पर मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है. वहीं, पालम में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के आसपास है. लोधी रोड में तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है. रिज स्टेशन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है. 

इसके बाद आयानगर में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है. न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है. पालम में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री नीचे है. लोधी रोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में 22.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 21.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो सभी जगह सामान्य से कम रहा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: दिल्ली के स्कूलों में हर घंटे बजेगी Water Bell, बच्चों को दिलाई जाएगी पानी पीने की याद

मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि बुधवार से लेकर 24 अप्रैल तक दिल्ली में लू चल सकती है और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इस बीच, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 177 दर्ज किया गया. 

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 0 से 50 तक ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. हेल्थ एक्सपर्ट्स ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है, ताकि हीटवेव से बचा जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement