पकड़ा गया घर-घर घंटी बजाने वाला मिस्ट्री मैन, दरवाजा खोलते ही दरांती से महिला पर किया था हमला

दिल्ली के केशवपुरम और पीतमपुरा इलाके में खुद को एसी और आरओ मैकेनिक बताकर लोगों के घरों में घुसने और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज के बाद पुलिस हरकत में आई और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की.

Advertisement
घंटी बजाने वाला मिस्ट्री मैन गिरफ्तार (Photo: itg) घंटी बजाने वाला मिस्ट्री मैन गिरफ्तार (Photo: itg)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:11 PM IST

दिल्ली के पीतमपुरा और केशवपुरम इलाके में पिछले कुछ दिनों से एक संदिग्ध व्यक्ति ने लोगों के बीच भय का माहौल बना दिया था. हाथ में दरांती जैसा हथियार रखा बैग और चेहरे पर सामान्य भाव लिए यह व्यक्ति दिनदहाड़े कॉलोनियों में घूमता, घरों की घंटियां बजाता और मौका मिलने पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करता था. आरोपी की तस्वीरें कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुईं, लेकिन वह लगातार पुलिस की गिरफ्त से दूर बना हुआ था. अब दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 55 वर्षीय अजय बग्गा के रूप में हुई है.

Advertisement

ऐसे दबोचा गया मिस्ट्री मैन

बीते कुछ दिनों में बग्गा के कई सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव की निगरानी में विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया. लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने अजय बग्गा को गिरफ्तार कर लिया.

घर-घर घंटी बजाकर दरांती से हमला

बीते 8 मई को केशवपुरम इलाके में हुई घटना के बाद लोगों में डर और बढ़ गया था. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कई घरों की घंटियां बजाते हुए दिखाई दिया. जब किसी घर से जवाब नहीं मिला तो वह दूसरी मंजिल पर स्थित एक मकान तक पहुंच गया. जैसे ही एक महिला ने दरवाजा खोला, आरोपी ने खुद को मैकेनिक बताकर अंदर घुसने की कोशिश की. कुछ सेकंड बाद उसने अपने बैग से एक बड़ा धारदार चापड़ निकाल लिया. महिला के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया और उसे धक्का देकर मौके से भाग निकला. भागते समय भी उसके हाथ में हथियार देखा गया. इलाके की एक महिला ने बताया कि भागने के दौरान आरोपी पास के पार्क में दरांती जैसी धारदार वस्तु फेंककर फरार हो गया.

Advertisement

महिला ने दरवाजा खोलते ही किया बंद

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष आरके गुलाटी के अनुसार, आरोपी ने सी-3 ब्लॉक में छह से आठ घरों की घंटियां बजाईं थीं. राहत की बात यह रही कि वह किसी बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे सका. एक महिला ने दरवाजा खोला जरूर था, लेकिन शक होने पर तुरंत बंद कर लिया.

जांच में यह भी सामने आया कि यह उसकी पहली वारदात नहीं थी. इससे पहले 21 अप्रैल को पीतमपुरा के मौर्य एन्क्लेव इलाके में भी इसी तरह की घटना हुई थी. आरोप है कि आरोपी एक परिचित के घर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद एक किशोर को धारदार हथियार दिखाकर बंधक बना लिया. इसके बाद वह करीब चार लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गया था.

AC और RO रिपेयर मैकेनिक बताकर घुसता था घर में

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी खुद को एसी और आरओ रिपेयर मैकेनिक बताकर लोगों के घरों में घुसता था. घर के भीतर पहुंचने के बाद वह मौका देखकर चोरी या लूट की वारदात को अंजाम देता था. पुलिस को आशंका है कि उसने दिल्ली के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की घटनाएं की हो सकती हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि वह अकेले काम करता था या उसके साथ कोई और भी शामिल था.  
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »