फैक्ट चेक: ईरान में इजरायली पायलट की गिरफ्तारी का बताकर शेयर हो रहा है अमेरिका का पुराना वीडियो

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो न तो हाल-फिलहाल का है और न ही ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रही मौजूदा जंग से संबंधित है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो ईरान का है जहां एक इजरायली पायलट को बंधक बना लिया गया.  
सच्चाई
ये अमेरिका का जनवरी 2026 का वीडियो है, जब जेक लैंग नाम के एक ​दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट की, विरोधी खेमे के प्रदर्शनकारियों से झड़प हो गई थी.  

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली,
  • 30 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:24 PM IST

भीड़ के बीच अपने दोनों हाथ ऊपर उठाकर चलते एक शख्स का वीडियो ईरान में इजरायली पायलट की गिरफ्तारी का बताकर खूब शेयर हो रहा है. खाकी सुरक्षा जैकेट पहने हुए ये शख्स काफी घबराया हुआ लग रहा है और उसके चेहरे पर बेबसी नजर आती है. एक व्यक्ति उसके सिर पर लात भी मारता है.

एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, "ये वही है जिसने ईरान में मासूमों को बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचा है. इसराइल और अमेरिका दुनिया को दिखा रहे हैं कि वह ईरान से युद्ध जीत रहे हैं. लेकिन सच तो यह है कि उनके लड़ाकू विमान को ईरान मारकर नीचे गिर रहा है और पायलट को जिंदा पकड़ रहा है. इजरायल के पायलट को ईरान में जिदा पकड़ा गया है."
 

Advertisement

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो न तो हाल-फिलहाल का है और न ही ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रही मौजूदा जंग से संबंधित है. ये जनवरी 2025 का वीडियो है जब अमेरिका के मिनेसोटा राज्य में दो विरोधी गुट के प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई थी.

30 मार्च की शाम को ये खबर लिखे जाने तक हमें ईरान में किसी इजरायली पायलट की गिरफ्तारी से संबंधित कोई हालिया खबर नहीं मिली.  

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें पता लगा कि इसे स्टेफनी कीथ नाम की अमेरिकी फोटो जर्नलिस्ट ने 18 जनवरी, 2025 को इंस्टाग्राम पर शेयर किया था. साथ ही, उन्होंने बताया था कि ये वीडियो मिनेसोटा राज्य के मिनेपोलिस शहर में स्थित सिटी हॉल का है जहां दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट जेक लैंग ने एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था.

Advertisement

इस जानकारी की मदद से सर्च करने पर हमें इस घटना से संबंधित न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना 17 जनवरी की है जब मिनेपोलिस में प्रदर्शन कर रहे दक्षिणपंथियों का, विरोधी खेमे के प्रदर्शनकारियों से टकराव हो गया. जेक लैंग को "The People’s Action Coalition Against Trump" नाम की संस्था से जुड़े इन प्रदर्शनकारियों ने दौड़ा लिया और उन पर पानी भरे गुब्बारे फेंके. इस दौरान उनके सिर से खून आता भी देखा गया था.  

बाद में लैंग ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि श्वेत विरोधी और अवैध प्रवासियों ने उन्हें मारने की कोशिश की.

29 जनवरी को जेक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था कि उन्होंने मिनेपोलिस पुलिस विभाग और मेयर जैकब फ्रे के खिलाफ 147 मिलियन डॉलर का मुकदमा दायर किया है.

कौन हैं जेक लैंग?

जेक लैंग अमेरिका के एक दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट हैं. खबरों के अनुसार जेक लैंग पर 2021 के कैपिटल दंगों में शामिल होने का आरोप लगा था. 20 जनवरी, 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता संभालने के बाद इस मामले के करीब 1600 आरोपियों को बिना शर्त माफी दे दी थी. लैंग भी इनमें शामिल थे. साफ है, यूएस के एक पुराने वीडियो को अब मध्यपूर्व जंग के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement