'370 की बिरयानी' विवाद सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा ने पब्लिक से माफी मांग ली है. लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है. अब महाभारत शो में भीम का रोल प्ले करने वाले एक्टर सौरव गुर्जर का गुस्सा भड़का है. उन्होंने वीडियो शेयर कर हिमांशु और प्रणित पर निशाना साधा है.
सौरव ने लगाई क्लास
सौरव ने कहा- 370 रुपये की बिरयानी, ये किस तरह से शब्दों का हिमांशु तुमने इस्तेमाल किया है. तुम्हारे घर में बहन, मां, बुआ कोई महिला तो होगी, किसी भी महिला के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना, ये तुम्हारे संस्कार हैं? अब नौकरी चली गई ना, सोचा है मां-बाप ने पढ़ाई के लिए कितना पैसा खर्च किया होगा. तुम्हें शर्म आनी चाहिए.
सौरव ने प्रणित मोरे की भी क्लास लगाई. उन्होंने कहा कि वो पहले उन्हें नहीं जानते थे. लेकिन रिसर्च करने पर मालूम पड़ा कि प्रणित के शोज में हमेशा ही इस प्रकार की बातें होती हैं. अगर हिमांशु ने कुछ गलत बोला, तो प्रणित या उसकी टीम वो शॉट एडिट करके डाल सकती थी. लेकिन प्रणित ने ऐसा नहीं किया. क्योंकि वो शॉर्टकट से फेम चाहते थे. तुम्हें शर्म आनी चाहिए.
सौरव ने भड़कते हुए कहा- जब तुम्हारे बच्चे बड़े होंगे और यूट्यूब पर देखेंगे तो क्या सोचेंगे. लोग बोलते हैं हिमांशु 22 साल का बच्चा है, माफी मांग ली है. 22 साल का कोई बच्चा नहीं होता, इस उम्र में लोग ओलंपिक मेडल जीत लेते हैं. जो लोग वहां बैठकर हंस रहे थे उन्हें शर्म आनी चाहिए. मेरी सरकार से अपील है कि ऐसे शोज, पॉडकास्ट हमेशा के लिए बंद हो जाने चाहिए. जिन लोगों ने ये गलती की है, उन्हें सजा होनी चाहिए. जेल में डालो इन्हें. जब तक कड़ा एक्शन नहीं होगा, ये लोग नहीं रुकेंगे.
सौरव का मानना है लोग व्यूज के लिए भद्दी कॉमेडी कर रहे हैं. महिलाओं का अपमान करना गलत है. फ्रीडम ऑफ स्पीच का गलत इस्तेमाल हो रहा है. लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए. सौरव ने कैप्शन में लिखा कि वायरल होने के लिए संस्कार और मर्यादा को कुर्बान नहीं किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से टॉक्सिक कंटेंट, ऑनलाइन हैरेसमेंट को सपोर्ट ना करने को कहा है. उनका कहना है कॉमेडी से पहले रिस्पेक्ट को तवज्जो दिया जाना चाहिए.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क