टीवी-ओटीटी की मशहूर एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना इस समय अपनी जिंदगी के सबसे खुशहाल समय में हैं. 42 की उम्र में वो मां बनने वाली हैं. शादी के चार साल बाद वो और उनके पति वरुण बंगेरा पेरेंट्स बनेंगे. करिश्मा का फिलहाल थर्ड ट्रायमेस्टर चल रहा है, लेकिन इसमें भी वो अपनी फिटनेस पर पूरा ध्यान दे रही हैं.
प्रेग्नेंसी में करिश्मा का डांस
करिश्मा की प्रेग्नेंसी का 9वां महीना शुरू हो गया है, ऐसे में वो किसी भी दिन अपने बच्चे को जन्म देने वाली हैं. इस मौके पर उन्होंने एक पोस्ट भी शेयर किया है, जिसमें वो हॉलीवुड सिंगर द वीकेंड के गाने 'टेक माइ ब्रेथ' पर झूम रही हैं. बेबी बंप के साथ करिश्मा तन्ना का डांस खूब सुर्खियां बटोर रहा है. उन्हें देखकर कई लोगों का कहना है कि वो इतनी बेफिक्री के साथ नाच रही हैं कि जैसे एक्ट्रेस भूल गई हों कि वो प्रेग्नेंट हैं.
करिश्मा ने इस डांस के पीछे की वजह भी शेयर की. उन्होंने लिखा- कुछ दिन बहुत मुश्किल होते हैं, कुछ दिन दर्द से भरे होते हैं. और कुछ दिनों में... इन सबके बावजूद आप खुश रहना चुनते हैं. इसलिए मैं हर दर्द, सूजे हुए पैरों, सांस फूलने और इस खूबसूरत सफर की हर छोटी-बड़ी मुश्किल के बीच भी मुस्कुराते हुए डांस कर रही हूं. इसलिए नहीं कि ये सब आसान है...बल्कि इसलिए क्योंकि मेरे आने वाले नन्हे मेहमान को एक खुश रहने वाली मां मिलनी चाहिए. मैं ऐसे खूबसूरत पल बना रही हूं, जिन्हें याद करके हमेशा मेरे चेहरे पर मुस्कान आएगी.
डांस करके ट्रोल हुईं करिश्मा
करिश्मा तन्ना को कई लोगों ने इस डांस के लिए सपोर्ट किया है. हालांकि कई लोग उन्हें दूसरी एक्ट्रेसेस की कॉपी करने के लिए भी ट्रोल कर रहे हैं. एक यूजर ने उनके बेबी बंप पर सवाल खड़े किए, उनका कहना है कि ये नकली बेबी बंप है. वहीं कुछ लोग लिख रहे हैं कि उनका प्रेग्नेंसी में ऐसा कूद-कूदकर डांस करना बच्चे के लिए सही नहीं.
वैसे करिश्मा और उनके पति वरुण ने खुद खुलासा किया था कि उनके बच्चे की डिलीवरी अगस्त महीने में हो सकती है. फैंस को उनके नन्हे मेहमान का बेसब्री से इंतजार है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क