साउथ सिनेमा में इन दिनों खलबली मची हुई है. तमिल सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' अचानक ऑनलाइन लीक हुई. फिल्म के 5 मिनट का एक क्लिप सामने आया, जिसमें थलपति की एंट्री सीन को देखा गया. इस बात से उनके फैंस और साउथ सिनेमा के बड़े सितारे निराश हुए.
विजय की फिल्म ऑनलाइन लीक हो जाना एक बड़ी बात है. ये फिल्म अभी तक थिएटर्स में रिलीज नहीं हुई है. इसे सेंसर बोर्ड के सर्टिफिकेशन का इंतजार है, जिस वजह से ये वहां अटकी हुई है. ऐसे में थलपति विजय के फैंस ने सीबीएफसी पर आरोप लगाए कि ये लीक उनकी तरफ से किया गया है. अब इन सभी बातों पर सेंसर बोर्ड की तरफ से ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया गया है.
क्या है विजय की फिल्म के लीक का सच?
प्रेस इंफोर्मेशन ब्यूरो मुंबई ने X पर ट्वीट करके साफ किया कि जन नायगन के सेंसर बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) से लीक होने की बातें गलत और बेबुनियाद हैं. वो हर फिल्म के लिए एक खास सिस्टेम का इस्तेमाल करते हैं, ऐसे में उनकी तरफ से लीक होना संभव नहीं है.
ट्वीट में लिखा है, 'रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि तमिल फिल्म जन नायगन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से लीक हो गई है, ये बात बिल्कुल बेबुनियाद और गुमराह करने वाली है. सीबीएफसी ने साफ कर दिया है कि वो सभी फिल्मों के लिए एक सुरक्षित की डिलीवरी मैसेज सिस्टम (केडीएम) इस्तेमाल करता है. फिल्म देखने का पासवर्ड प्रोटेक्टेड होता है, और केडीएम सिर्फ फिल्म बनाने वाले प्रोड्यूसर या फिल्ममेकर के पास ही रहता है. बिना सही केडीएम के फिल्म को कोई देख या चला नहीं सकता. जन नायगन का डिजीटल सिनेमा पैकेज 17 मार्च को मुंबई में आवेदक को सौंप दिया गया था. उन्होंने रसीद भी दी थी. उसके बाद से ये पूरा पैकेज उनके पास ही है.'
विजय की फिल्म के मेकर्स लेंगे एक्शन
विजय की फिल्म ऑनलाइन लीक हो जाने के बाद, मेकर्स की तरफ से भी एक ऑफिशियल बयान जारी किया गया था. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ लीगल एक्शन लेने की चेतावनी दी है और उनसे फिल्म को ऑनलाइन हटा देने के लिए कहा है. उन्होंने ऑडियंस से भी रिक्वेस्ट की कि वो उनकी फिल्म डाउनलोड करने ना देखें, क्योंकि उनके पास हर चीज ट्रेस होती है.
बात करें फिल्म जन नायगन की, तो इसमें थलपति विजय के अलावा पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रियामणि भी नजर आएंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क