इम्तियाज अली ने दो साल पहले 'चमकीला' जैसी शानदार फिल्म जरूर बनाई थी. लेकिन फांस की तरह दिल में धंस जाने वाली दमदार लव स्टोरी बड़े पर्दे पर लाए उन्हें लंबा वक्त हो गया है, जबकि इंडियन सिनेमा लवर्स उन्हें इसी काम के लिए याद रखते हैं. इम्तियाज अब 'मैं वापस आऊंगा' लेकर आ रहे हैं, जिसका ट्रेलर देखकर दिल से पहली आवाज यही निकलती है— ऐसा इम्तियाज ही कर सकते हैं.
इम्तियाज अली की सिग्नेचर लव स्टोरी
मुहब्बत के भी दौर बदलते हैं. वो दौर जो पुरानी फिल्मों और पुराने लोगों के साथ चला गया, उसे रीक्रिएट करना इम्तियाज की खासियत है. प्रेम कहानियों के अलग-अलग रंगों की पेंटिंग बड़े पर्दे पर उतार देने वाले वो कलाकार हैं. मगर प्रेम की टीस को उतारने में इम्तियाज जैसा काबिल फिल्ममेकर बॉलीवुड में शायद ही कोई दूसरा हो. 'मैं वापस आऊंगा' इश्क में छुपी इसी टीस की कहानी है.
दिलजीत दोसांझ एक ऐसे लड़के के रोल में हैं, जिसके दादाजी (नसीरुद्दीन शाह) जन्नत की सीढ़ी पर पहला कदम रखने ही वाले हैं. मगर उनके मन में एक फांस धंसी हुई है, उस अधूरे प्यार की जिसे वो 78 साल पहले छोड़ आए थे. उस जमीन पर, जो कभी उन्हें अपनी सी लगती थी, फिर अचानक वो एक दिन एक अलग देश बन गई.
'मैं वापस आऊंगा' के ट्रेलर में मुहब्बत की उसी कहानी के फ्लैशबैक हैं, जिसमें दादाजी यंग थे. ये किरदार वेदांग रैना ने निभाया है, जो बॉलीवुड की सबसे ताजा खेप में एक प्रॉमिसिंग एक्टर बनकर उभरे हैं. उनकी चुलबुली, शैतान मगर उस दौर के हिसाब से शर्मीली प्रेमिका के रोल में शरवरी वाघ हैं.
जहां नसीरुद्दीन साहब जिंदगी से विदा लेने जा रहे आदमी के अधूरे प्रेम की टीस को अपनी ट्रेडमार्क संजीदगी से उतार रहे हैं, वहीं बीते दौर के लड़कपन का इश्क जीते वेदांग और शरवरी खूबसूरत लगते हैं. अपने दादा की कहानी से इश्क का व्याकरण समझते लड़के के रोल में दिलजीत की आंखें उन्हें इस किरदार के लिए परफेक्ट बनाती हैं. ट्रेलर में उनका एक डायलॉग आपके साथ रह जाएगा और शायद यही आपको खींचकर फिल्म देखने थिएटर तक भी ले जाए— 'ये प्यार जहर की तरह होता है, पता है... इसकी एक भी बूंद अंदर रह गई न, तो आखिरी समय में चैन से मरने भी नहीं देता!' यहां देखें 'मैं वापस आऊंगा' का ट्रेलर:
रहमान के म्यूजिक ने लव स्टोरी में किया जादू
इम्तियाज अली के इश्क को एक बार फिर से ए आर रहमान के सुर मिले हैं. और इतना तो हर बॉलीवुड फैन को पता है कि ये कॉम्बो जब-जब साथ आता है, तो क्या जादू होता है. ये जादू उन चार धुनों में बखूबी सुनाई दे रहा है, जो इस ट्रेलर में हैं.
'मैं वापस आऊंगा' का ट्रेलर देखने के बाद आपको सबसे पहले तो इसका पूरा एल्बम सुनने की तलब बहुत तेज लगेगी. और पूरा चांस है कि आप बोल बैठें— 'बस अब सीधा फिल्म दिखा दो!' लेकिन इसी बेसब्री का इलाज करते हुए मरहूम जगजीत सिंह ने गाया था, 'लंबी दूरी तय करने में वक्त तो लगता है.' और 12 जून तो इतनी दूर भी नहीं है यार!
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क