बॉलीवुड के 'ग्रीक गॉड' कहे जाने वाले ऋतिक रोशन आजकल बड़े पर्दे से गायब हैं. लेकिन सोशल मीडिया पर कहीं ना कहीं उनकी झलक दिखती रहती है, जिससे उनके फैंस खुश हो जाते हैं. बीते दिनों ऋतिक का एक वीडियो काफी वायरल हुआ, जहां वो जैसलमेर में एक शादी वाले माहौल में नजर आए. वहां वो अपने गानों पर लोगों के साथ झूमते-गाते दिखाई दिए.
ऋतिक का धांसू डांस
इंटरनेट पर एक्टर का वीडियो है जिसमें वो अपनी सुपरहिट फिल्म कहो ना प्यार है के टाइटल ट्रैक पर जबरदस्त डांस कर रहे हैं. ऋतिक जिस हिसाब से अपने पैर थिरका रहे थे, वो देखकर कई लोगों के होश उड़ गए हैं. सुपरस्टार ने अपने गाने का हुकस्टेप भी किया, जिसे बाकी लोगों ने कॉपी करने की कोशिश की.
X पर ऋतिक के वीडियो की धूम मची है. उनकी फिटनेस देखकर यूजर्स हक्के-बक्के रह गए हैं. एक्टर 52 साल की उम्र में भी यंग जेनरेशन को पछाड़ रहे हैं. फैंस ने उनके चार्म को भी सराहा, जो पिछले 26 सालों से कायम है. एक यूजर ने ऋतिक की तारीफ में लिखा है, 'ये पूरा नॉस्टैल्जिया से भरा वीडियो है. कहो ना प्यार है गाने से ऋतिक को अपने आइकॉनिक स्टेप रीक्रिएट करते देखना, साबित करता है कि कुछ पल काफी अनमोल होते हैं.'
वहीं दूसरों ने लिखा कि ये 52 के नहीं, 25 साल के ऋतिक रोशन लग रहे हैं. फिल्म कहो ना प्यार है ऋतिक और उनके फैंस के जीवन में बड़ा महत्व रखती है. ये उनकी डेब्यू फिल्म थी जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट थी. इसे उनके पिता राकेश रोशन ने बनाया था और बॉलीवुड को एक नया सुपरस्टार दिया था.
कब बड़े पर्दे पर दिखेंगे ऋतिक?
ऋतिक ने अपने करियर के 26 सालों में काफी नाम कमाया. बॉलीवुड को कई सारी सुपरहिट फिल्में दी. लेकिन फिलहाल वो खुद एक बड़ी हिट की तलाश में हैं. ऋतिक की पिछली फिल्म वॉर 2 को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. मगर एक्टर अपनी आने वाली फिल्मों के साथ तगड़े कमबैक की पूरी प्लानिंग कर चुके हैं. उनके पास कृष 4 और होम्बाले फिल्म्स के बैनर तले बन रही एक फिल्म है, जिसका फैंस भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क