मुंबई के टेक्नो कॉन्सर्ट में ड्रग की ओवरडोज से दो छात्रों की मौत, एक आयोजक समेत 5 लोग गिरफ्तार

मुंबई के नेस्को वेयरहाउस में हुए टेक्नो कॉन्सर्ट में ड्रग ओवरडोज से दो छात्रों की मौत हो गई. इस सिलसिले में वानराई पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. क्या है पूरा मामला? जानने के लिए पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस ने एक आयोजक समेत 5 लोगों को अरेस्ट किया है (फोटो-ITG) पुलिस ने एक आयोजक समेत 5 लोगों को अरेस्ट किया है (फोटो-ITG)

दिव्येश सिंह

  • मुंबई,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:22 PM IST

मुंबई में एक हार्ड टेक्नो कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स का सेवन दो छात्रों के लिए जानलेवा बन गया. 11 अप्रैल को नेस्को वेयरहाउस में आयोजित इस इवेंट के बाद तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ी, जिनमें से दो की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों और एक इवेंट ऑर्गनाइजर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.

यह मामला 11 अप्रैल का है, जब नेस्को वेयरहाउस में एक हार्ड टेक्नो कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था. इस इवेंट में इटली के टेक्नो आर्टिस्ट्स भी शामिल हुए थे, जिससे बड़ी संख्या में युवा वहां पहुंचे थे. इसी दौरान एक कॉलेज के छात्रों का ग्रुप भी कॉन्सर्ट में शामिल होने आया था. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह म्यूजिक इवेंट कुछ ही घंटों में दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा.

Advertisement

कॉन्सर्ट में शामिल इस ग्रुप के तीन छात्रों ने कथित तौर पर ड्रग्स का सेवन किया. छात्रों की उम्र 23 से 25 साल के बीच थी. ड्रग्स लेने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. हालत गंभीर होते देख उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक शरीर पर ड्रग्स का असर खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका था.

इनमें से दो महिला छात्रों को हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक पुरुष छात्र को गोरेगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने तीनों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई.

इलाज के दौरान गोरेगांव के निजी अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. वहीं ट्रॉमा अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराई गई एक 24 वर्षीय महिला छात्रा ने भी सोमवार को दम तोड़ दिया. दूसरी महिला छात्रा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह ICU में जिंदगी की जंग लड़ रही है.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही वानराई पुलिस स्टेशन की टीम हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कुछ पोस्ट ग्रेजुएट छात्र और एक इवेंट ऑर्गनाइजर शामिल हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स कहां से आए और किसने इन्हें छात्रों तक पहुंचाया.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और NDPS एक्ट के तहत कड़ी धाराओं में केस दर्ज किया है. इसमें ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, कब्जा और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश कर रही है.

यह घटना एक बार फिर से युवाओं के बीच बढ़ते ड्रग्स के चलन और ऐसे म्यूजिक इवेंट्स में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इवेंट में ड्रग्स कैसे पहुंचे और क्या आयोजकों की ओर से कोई लापरवाही हुई थी. इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को हमेशा के लिए गम में डुबो दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement