अमेरिका और ईरान (US-Iran) में दूसरे दौर की शांति वार्ता पर बात आगे बढ़ रही है, लेकिन दूसरी ओर कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से उछाल देखने को मिल रहा है. मंगलवार को शुरुआती कारोबार में जहां Crude Oil Price धड़ाम नजर आया था और 95 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया था, अचानक फिर से उछाल मारने लगा और 98 डॉलर के पार निकल गया.
इसका असर अमेरिका के डाउ जोंस पर देखने को मिला, तो एशियाई शेयर बाजारों में भी नजर आ रहा है. कुछ मार्केट धुआंधार तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं, तो कहीं गिरावट में ट्रेड हो रहा है. कुल मिलाकर भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेशों से मिले-जुले सिग्नल आ रहे हैं.
अचानक क्रूड की कीमत बढ़ने लगी
सबसे पहले बात करते हैं कच्चे तेल की कीमतों में आए बदलाव के बारे में, तो बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड प्राइस एक ही दिन में बदलता नजर आया है. Brent Crude Price 98.20 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा है, जो मंगलवार को 95 डॉलर के भी नीचे लुढ़क गया था. मर्बन क्रूड की कीमत में भी तेज उछाल देखने को मिला है और ये खबर लिखे जाने तक 3.50 फीसदी की तेजी लेकर 97 डॉलर के करीब पहुंच गया है. WTI Crude मामूली गिरावट के बाद भी 90 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है.
विदेशी बाजारों का ये है हाल
क्रूड ऑयल प्राइस में अचानक हुए इजाफे का असर विदेशी बाजारों पर भी देखने को मिला है. एक ओर जहां अमेरिकी शेयर बाजार का प्रमुख इंडेक्स Dow Jones 293 अंक फिसलकर बंद हुआ था. वहीं बुधवार को एशियाई बाजारों पर नजर डालें, तो हांगकांग का HangSeng इंडेक्स 370 अंकों की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है. इसके अलावा DAX में भी 150 अंक की गिरावट देखने को मिली है. बात साउथ कोरिया के कोस्पी (KOSPI) की करें, तो ये भी गिरावट के साथ रेड जोन में नजर आ रहा है.
Gift Nifty दे रहा क्या संकेत?
अगर तेजी के साथ ट्रेड करने वाले शेयर बाजारों की बात करें, तो जापान का निक्केई (Japan Nikkei) 304 अंक की उछाल में दिखा. इसके अलावा गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) 75 अंक की तेजी लेकर कारोबार कर रहा था. इन मिले जुले संकेतों के भारत की सुस्त ओपनिंग का अनुमान लगाया जा रहा है.
गौरतलब है कि बीते कारोबारी दिन सेंसेक्स-निफ्टी तेज रफ्तार से भागे थे और तगड़ी बढ़त लेकर क्लोज हुए थे. एक ओर जहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 753 अंक उछलकर 79,273 पर बंद हुआ था, तो वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स ने 211 अंकों की तेजी के साथ 24,576 पर क्लोजिंग की थी.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क