अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका चाहे तो होर्मुज स्ट्रेट को खोल सकता है और ईरान का तेल ले सकता है. ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका को थोड़ा और समय मिले तो वो ये काम कर सकता है.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'थोड़ा और समय मिले तो हम आसानी से होर्मुज स्ट्रेट खोल सकते हैं, तेल ले सकते हैं और बड़ा मुनाफा कमा सकते हैं. इससे दुनिया में तेल की नदियां बह जाएंगी.'
हालांकि, अपने इस संदेश में ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि अमेरिका ईरान के होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण को कैसे खत्म कर सकता है या वो किस तेल की बात कर रहे हैं. लेकिन माना जा रहा है कि वो ईरानी तेल को अपने कब्जे में लेने की ही बात कर रहे हैं क्योंकि वो पहले भी ईरानी तेल को अपने कब्जे में लेने की बात कर रहे हैं.
ट्रंप ने ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जे की दी थी धमकी
पिछले महीने के अंत में फाइनेंशियल टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में भी ट्रंप ने ईरान का तेल लेने की धमकी दी थी. उन्होंने कहा था कि ईरान का तेल उनकी पसंदीदा है.
उन्होंने कहा था, 'सच कहूं तो, मेरी सबसे पसंदीदा चीज ईरान का तेल लेना है. लेकिन अमेरिका में कुछ लोग कहते हैं कि आप ऐसा क्यों कर रहे हैं. वे लोग बेवकूफ हैं.' उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरानी तेल निर्यात के मुख्य केंद्र खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है.
ट्रंप ने इंटरव्यू के दौरान कहा, 'हो सकता है कि हम खार्ग द्वीप कब्जा लें. हो सकता है कि नहीं लें. हमारे पास कई विकल्प हैं.'
ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका खार्ग द्वीप पर कब्जा करता है तो उसे वहां कुछ समय तक रहना पड़ सकता है. उन्होंने आगे कहा, 'मुझे नहीं लगता कि उनके (ईरान के) पास कोई खास सुरक्षा है. हम बहुत आसानी से खार्ग द्वीप ले सकते हैं.'
aajtak.in