'ये आग से खेलने के जैसा होगा...', पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ को राष्ट्रपति अल्वी ने क्यों चेताया?

पाकिस्तान की स्थिति नाजुक होती जा रही है. इस बीच वहां के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने एक राजनीतिक बयान देते हुए कहा है कि अगर शहबाज सरकार इमरान खान को गिरफ्तार करती है तो ये आग से खेलने जैसा होगा.

Advertisement
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (फोटो- पीटीआई) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (फोटो- पीटीआई)

aajtak.in

  • लाहौर,
  • 26 जनवरी 2023,
  • अपडेटेड 6:41 AM IST

पाकिस्तान एक और आर्थिक संकट में फंसा है तो देश की राजनीतिक हालत भी कोई बहुत अच्छी नहीं है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टेंशन का लेवल उच्चतम स्तर तक पहुंच चुका है. कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि पूर्व पीएम इमरान खान गिरफ्तार किए जा सकते हैं. इमरान के घर के बाहर उनकी पार्टी पीटीआई के समर्थकों का भारी जमावड़ा है. 

Advertisement

स्थिति ऐसी है कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी राजनीतिक रोल निभाते दिख रहे हैं. राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने शहबाज सरकार को चेताते हुए कहा है कि अगर सरकार ने पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के चेयरमैन इमरान खान को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो ये आग से खेलने के बराबर होगा. 

पाकिस्तानी अखबार द न्यूज के अनुसार लाहौर में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने कहा, "यह देश में आग लगाने के समान होगा."

राष्ट्रपति ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री या किसी वरिष्ठ राजनेता को गिरफ्तार करने से पाकिस्तान में प्रतिरोध होगा. उन्होंने संकेत दिया कि अगर मौजूदा सरकार अपने विरोधियों को हिरासत में लेने की कोशिश करती है तो देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा हो सकती है. 

राष्ट्रपति अल्वी का ये बयान तब आया है जब पीटीआई के वरिष्ठ नेता फवाद चौधरी को लाहौर स्थित उनके घर से बुधवार तड़के गिरफ्तार किया गया था. फवाद चौधरी ने कथित रूप से पाकिस्तान चुनाव आयोग के सदस्यों और उनके परिवार वालों को सार्वजनिक रूप से धमकी थी. 

Advertisement

इसके बाद उन्हें इस्लामाबाद ले जाया गया. यहां पर अदालत ने फवाद चौधरी को दो दिनों की पुलिस रिमांड में भेज दिया था. पुलिस ने फवाद चौधरी पर राजद्रोह का चार्ज लगाया है.

राष्ट्रपति ने फवाद चौधरी को इस्लामाबाद की अदालत में पेश करने के तरीके की भी निंदा की. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कुछ शर्म करना चाहिए. आरिफ अल्वी ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने उनके सिर को एक सफेद चादर से ढक दिया था और उन्हें हथकड़ी भी लगाई थी. 

राष्ट्रपति अल्वी ने कहा कि संस्थानों को अपना सम्मान बनाए रखने के लिए पुलिस की जरूरत नहीं होनी चाहिए. अगर किसी को मुझसे कोई समस्या है, तो मैं पुलिस से कार्रवाई करने के लिए कहने के बजाय अपने प्रदर्शन में सुधार करूंगा. 

बता दें कि आरिफ अल्वी इमरान खान की पार्टी पीटीआई से ताल्लुक रखते हैं. वे कई मौकों पर इमरान खान की पैरवी करते दिखते हैं.  आरिफ अल्वी ने कहा कि इमरान खान सत्ता पक्ष से बातचीत के खिलाफ नहीं हैं. 

इमरान के घर के बाहर जुटे समर्थक

इधर लाहौर में पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान के घर के बाहर समर्थकों का जमावड़ा है. इमरान के समर्थक किसी भी हालत में उनकी गिरफ्तारी रुकवाने में लगे हैं.  इससे पहले पंजाब की केयर टेकर सरकार ने इमरान खान को दी गई अतिरिक्त सुरक्षा हटा ली थी. 

Advertisement

पंजाब पीटीआई की नेता मुशर्रत चीमा ने कहा कि पीटीआई कार्यकर्ता किसी भी हालत में इमरान खान को गिरफ्तार नहीं होंने देंगे.    

इस बीच पीटीआई के पूर्व नेता और मंत्री रहे शेख राशिद ने कहा है कि आशंका ये भी है कि इमरान खान को जहर दिया जा सकता है.  शेख राशिद ने कहा, "मैंने इमरान खान से बहुत सावधान रहने को कहा है क्योंकि उनके खाने में जहर देने की साजिश रची जा रही है."

इधर इमरान खान ने कहा है कि पंजाब और खैबर पख्तूनखवा में जल्द से जल्द चुनाव करवाए जाएं.  उन्होंने कहा, "अगर इस देश में संविधान और कानून है, तो चुनाव को 90 दिनों से अधिक नहीं रोका जा सकता है. 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement