ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद से मिडिल ईस्ट मिसाइलों की बौछार से पटा पड़ा है. सायरन की गूंज से लेकर मिसाइल और ड्रोन हमलों की बौछार तक सब धुआं-धुआं हो गया है. धुएं और विस्फोट के बीच बेरूत में एक यात्री विमान को टेकऑफ करते देखा गया.
लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार सुबह इजरायल के हवाई हमलों के बाद एक यात्री विमान को उड़ते देखा गया. हैरानी वाली बात ये रही कि इस यात्री विमान ने विस्फोट और धुएं के गुब्बार के बीच उड़ान भरी.
दरअसल ईरान से जारी जंग के बीच इजराइली सेना लेबनान पर हमले कर रही है. इजराइली आर्मी ने लेबनान के 59 इलाकों को भी तुरंत घर खाली करने का आदेश दिया है. कहा जा रहा है कि हालात बिगड़ने के बाद 30,000 से ज्यादा लोगों ने घर छोड़ दिया है.
राजधानी बेरूत में मंगलवार को बड़ा विस्फोट हुआ, जिसके बाद आसमान में धुएं का घना गुबार उठता नजर आया. बेरूत का आसमान प्रोजेक्टाइल मिसाइल से पटा पड़ा है. यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है, जब इजरायल ने हिज्बुल्लाह की ओर से किए गए हमलों के जवाब में लेबनान पर हमला किया.
इजरायली सेना ने इससे पहले कहा कि उसने बेरूत में हिज्बुल्लाह के एक वरिष्ठ लड़ाके को निशाना बनाकर हमला किया है. इससे पहले इजरायल ने हिज्बुल्लाह के नेता नईम कासिम को निशाना बनाने की बात कही थी. इससे पहले अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर बमबारी की थी और एक हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को मार गिराया था.
aajtak.in