ईरान के साथ जारी युद्ध में घायल अमेरिकी सैनिकों की संख्या 300 के पार पहुंच गई है. इस हफ्ते सऊदी अरब के एक एयर बेस पर हुए हमलों में दो दर्जन से ज्यादा अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं. सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर 6 बैलिस्टिक मिसाइलें और 29 ड्रोन दागे, जिसमें कम से कम 15 सैनिक घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर है.
शुरुआती जानकारी में अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था कि कम से कम 10 सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें 2 गंभीर रूप से जख्मी हैं.
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार को घोषणा की कि मध्य पूर्व में और अधिक अमेरिकी सेना पहुंच रही है, लगभग 2,500 मरीन सैनिकों को लेकर एक नौसेना का जहाज क्षेत्र में पहुंच चुका है.
सेंट्रल कमांड के अनुसार, यूएसएस ट्रिपोली के साथ परिवहन और स्ट्राइक फाइटर विमान, साथ ही उभयचर हमले की क्षमता भी क्षेत्र में लाई गई हैं. इसके अलावा, यूएसएस बॉक्सर और दो अन्य जहाजों को एक और मरीन यूनिट के साथ, सैन डिएगो से क्षेत्र के लिए रवाना किया गया है.
अमेरिका बिना जमीन पर उतरे लक्ष्य कर सकता है हासिल
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका अपने लक्ष्य बिना जमीनी सैनिक उतारे भी हासिल कर सकता है.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हर स्थिति के लिए तैयार रहना होगा और अमेरिकी बल हर संभावित परिस्थिति में विकल्प उपलब्ध कराने के लिए मौजूद हैं.
सूत्रों के अनुसार, सऊदी का एयर बेस इस हफ्ते पहले भी दो बार हमलों का निशाना बन चुका है, जिनमें एक हमले में 14 अमेरिकी सैनिक घायल हुए थे.
यह बेस सऊदी अरब की राजधानी रियाद से करीब 96 किलोमीटर दूर है और इसे रॉयल सऊदी एयर फोर्स संचालित करती है, लेकिन यहां अमेरिकी सैनिक भी तैनात रहते हैं. युद्ध की शुरुआत से ही यह ठिकाना लगातार निशाने पर रहा है.
1 मार्च को हुए एक हमले में घायल हुए 26 वर्षीय अमेरिकी सैनिक Sgt. Benjamin N. Pennington की कुछ दिन बाद मौत हो गई. वह इस युद्ध में मारे गए 13 अमेरिकी सैनिकों में शामिल हैं.
सेंट्रल कमांड के अनुसार, अब तक 300 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं. इनमें से ज्यादातर ड्यूटी पर लौट चुके हैं, जबकि 30 अभी भी सेवा से बाहर हैं और 10 की हालत गंभीर बताई गई है.
aajtak.in