ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अल खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारी अमेरिकी दूतावास में घुस गए थे तोड़फोड़ की थी. हिंसक प्रदर्शनों में इस्लामाबाद से कराची तक, अलग-अलग शहरों में 35 लोगों की जान जा चुकी है. पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं.
हालात को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने 2 मार्च यानी आज के लिए सभी अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए हैं. इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है. अमेरिकी दूतावास की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक सुरक्षा हालात को देखते हुए सभी वीजा और अमेरिकन सिटिजन सर्विसेडज से जुड़े सभी अपॉइंटमेंट्स रद्द कर दिए गए हैं.
यह फैसला इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास के साथ-साथ कराची और लाहौर में अमेरिका के वाणिज्यिक दूतावासों पर भी लागू होगा. अमेरिकी दूतावास ने यह भी कहा है कि पाकिस्तान में जारी प्रोटेस्ट की खबरों पर नजर रखी जा रही है. लाहौर, पेशावर और कराची में यूएस कॉन्सुलेट जनरल के बाहर प्रोटेस्ट हो रहे हैं. हिंसक प्रोटेस्ट की घटनाएं सामने आई हैं.
पाकिस्तान में सुरक्षा हालात को देखते हुए अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों को अगले आदेश तक अपनी आवाजाही सीमित रखने का निर्देश दिया गया है. दूतावास ने पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी है कि वे स्थानीय समाचारों पर नजर रखें. अमेरिकी दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने, आसपास के माहौल को लेकर सतर्क रहने और भीड़-भाड़ से दूर रहने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: जलता पाकिस्तान, भड़कता गुस्सा... आसिम मुनीर के लिए क्यों 'डबल ट्रबल' बनी खामेनेई की मौत
अमेरिकी नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे अपने STEP पंजीकरण को अपडेट रखें. गौरतलब है कि खामेनेई की मौत के बाद शिया संगठनों ने अमेरिकी कॉन्सुलेट के पास तोड़फोड़ और आगजनी की थी. पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों में हुए हिंसक प्रदर्शनों में कुल 35 लोगों की मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें: अब तक 35 पाकिस्तानियों की मौत... अमेरिकी दूतावासों पर 'चढ़ाई' के बीच जमकर बरसीं गोलियां
बता दें कि पाकिस्तान के कराची, स्कार्दु और लाहौर में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए थे. प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह अमेरिकी कार्यालयों में आगजनी की थी. हिंसक प्रोटेस्ट की घटनाओं के बाद कराची प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी.
aajtak.in