ईरानी हवाई हमलों से दुबई को झटका, हिल गई 'सेफ जोन' वाली पहचान

मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के बीच दुबई से आई तस्वीरों ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है. जो शहर अपनी बेमिसाल सुरक्षा और लग्जरी लाइफ के लिए मशहूर था, वहां अब मिसाइलों का मलबा था.

Advertisement
धमाकों के बाद दुबई एयरपोर्ट को पहुंचा नुकसान (Photo: Reuters) धमाकों के बाद दुबई एयरपोर्ट को पहुंचा नुकसान (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:39 PM IST

पूरी दुनिया के रईसों के लिए दुबई हमेशा से सबसे सुरक्षित और पसंदीदा ठिकाना रहा है, लेकिन शनिवार की रात हुए हमलों ने इस सुनहरी छवि को हिलाकर रख दिया है. ईरान की ओर से हुई मिसाइलों और ड्रोन की बारिश ने पूरे दुबई को दहला दिया. इस हमले में एक आलीशान पांच सितारा रिजॉर्ट आग की लपटों में घिर गया और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास भी खतरे के बादल मंडराने लगे. वहीं, राजधानी अबू धाबी के एयरपोर्ट पर हुए धमाके में एक शख्स की जान चली गई और सात लोग घायल हो गए.

Advertisement

अमेरिका और इजरायल की बड़ी कार्रवाई के बाद ईरान ने पलटवार किया और यूएई समेत पड़ोसी देशों को निशाना बनाया. इससे उस इलाके में डर और अफरातफरी फैल गई, जिसे अब तक बेहद शांत माना जाता था. न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, दुबई के लिए यह स्थिति सबसे बड़े डर जैसी है. दरअसल, अशांत क्षेत्र के बीच दुबई की पहचान एक सुरक्षित ठिकाने के तौर पर रही है, लेकिन अब पहले जैसे हालात दोबारा लौटना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है.

यह भी पढ़ें: ईरान-US जंग का सऊदी को तगड़ा नुकसान! एक बार फिर रूस पर टिकी भारत की नजर

सरकार ने क्या कहा?

दुबई के बिगड़ते हालात देख यूएई सरकार ने लोगों से कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है. सरकार का कहना है कि उनका एयर डिफेंस सिस्टम दुनिया में सबसे मजबूत है और उन्होंने कई मिसाइलों को आसमान में ही नष्ट कर दिया है. वहीं, यूएई की मंत्री रीम अल हाशिमी ने भी माना कि यह समय डरावना है क्योंकि दुबई के लोगों को ऐसे धमाकों की आवाज सुनने की आदत नहीं है. 

Advertisement

यूएई के कड़े कदम

हमलों के बाद यूएई ने तुरंत अपनी उड़ानें रोक दीं और अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया.  इतना ही नहीं, यूएई ने ईरान की राजधानी तेहरान में अपना दूतावास भी बंद कर दिया है और वहां काम करने वाले सभी अफसरों को वापस बुला लिया है. यूएई के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर साफ किया कि दूतावास बंद करने का फैसला देश की सुरक्षा के लिए जरूरी था. सरकार ने ईरान के इन हमलों को बेहद खतरनाक और उकसाने वाली कार्रवाई बताया है.

लग्जरी और सुरक्षित इमेज को झटका

अपनी शांति और सुरक्षा के दम पर ही दुबई अमीर पर्यटकों और बड़े कारोबारियों को खींचता रहा है. यहां रहने वाले 11 मिलियन निवासियों में से लगभग 90% विदेशी हैं. रियल एस्टेट कंपनियां इसे दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह बताकर रईसों को विला और ऊंची इमारतें बेचती हैं, लेकिन सैकड़ों ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद अब इस भरोसे पर आंच आई है.

यह भी पढ़ें: जंग के तीसरे दिन एक्टिव हुए पुतिन, ईरानी हमलों के बीच इन दो देशों को लगाया फोन

'आसमान से गिर रही थी मौत'

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, वहां मौजूद ब्रिटिश नागरिक जेमी ऑसबोर्न ने इस मंजर को बेहद डरावना बताया है. उनके मुताबिक रात के समय आसमान से मिसाइलें गिरती साफ दिख रही थीं. यूएई के रक्षा मंत्रालय की मानें तो दो दिनों के भीतर 165 मिसाइलें और 540 से ज्यादा ड्रोन नष्ट किए गए हैं. इन मिसाइलों के मलबे की वजह से ही पाम जुमेराह के फेयरमोंट होटल और बुर्ज खलीफा के पास आग और धुआं देखा गया. यही नहीं, हमलों में जेबेल अली पोर्ट और दुबई एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement