इजरायल के हवाई हमले में ईरान के इंटेलिजेंस मिनिस्टर इस्माइल खातिब की मौत हो गई. इससे एक दिन पहले इजरायली हमले में ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारिजानी और बासिज पैरामिलिट्री फोर्स के कमांडर गुलामरजा सुलेमानी की भी मौत हो गई थी. इस तरह ईरान ने 24 घंटे के भीतर अपने तीन शीर्ष अधिकारियों को खो दिया है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में खातिब की मौत की पुष्टि की.
उन्होंने लिखा, 'मेरे प्रिय सहयोगियों इस्माइल खातिब, अली लारिजानी और अजीज नसीरजादेह की कायरतापूर्ण हत्या, साथ ही उनके परिवार के कुछ सदस्यों और सहयोगियों की शहादत ने हमें गहरे शोक में डुबो दिया है. मैं ईरान की महान जनता के प्रति दो कैबिनेट मंत्रियों, शूरा के सचिव, सैन्य और बसीज कमांडरों की शहादत पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. मुझे पूरा विश्वास है कि ईरान पहले से भी अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ेगा.'
इससे पहले 1 मार्च को इजरायल ने सटीक हमले में ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपुर, ईरान के सुरक्षा सलाहकार और डिफेंस काउंसिल के सचिव अली शामखानी और ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुलरहीम मुसावी को मार दिया था. अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी की सुबह तेहरान में बमबारी शुरू की थी, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी.
इससे पहले इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज (Israel Katz) ने ईरान के इंटेलिजेंस मिनिस्टर इस्माइल खातिब की मौत की जानकारी देते हुए एक बयान में कहा, 'हमारे हमलों की तीव्रता एक नए स्तर पर पहुंच रही है. इजरायल की नीति स्पष्ट है, ईरान में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, हर कोई निशाने पर है.' इजरायल रक्षा बलों ने एक अलग बयान में कहा कि इजरायली वायु सेना ने तेहरान में एक टारगेटेड एयर स्ट्राइक में इस्माइल खातिब को मार गिराया.
aajtak.in