अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक पंजाबी रेस्टोरेंट पर फायरिंग का मामला सामने आया है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और वीडियो सामने आया, जिसमें खुद को गैंगस्टर बताने वाले शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. पोस्ट में रेस्टोरेंट का नाम लेकर इसे निजी विवाद बताया गया है, साथ ही खुले तौर पर धमकी भी दी गई है.
जानकारी के मुताबिक, कैलिफोर्निया के मदीरा शहर में स्थित पटियाला शाही रेस्टोरेंट में फायरिंग हुई. इसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि इस हमले की जिम्मेदारी 'जग्गा ऑस्ट्रेलिया' नाम के व्यक्ति ने ली है. पोस्ट में मन्ना ब्रैम्पटन और कुछ अन्य नामों का भी जिक्र किया गया है. हालांकि, स्थानीय प्रशासन की तरफ से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
पोस्ट में दी गई खुली धमकी
सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में कहा गया कि यह निजी मामला है और एक व्यक्ति को छोड़ देने की बात लिखी गई. इसके साथ चेतावनी दी गई कि अगर बात नहीं समझी गई तो अगली बार गोली सीधे माथे पर लग सकती है. पोस्ट में हथियार का जिक्र करते हुए धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है.
इसी पोस्ट में कुछ लोगों को निशाना बनाते हुए कहा गया कि उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा. साथ ही, फोन और सोशल मीडिया से जुड़े मामलों को लेकर भी चेतावनी दी गई. पोस्ट के आखिर में कुछ नाम लिखे गए हैं, जिनमें शेरा संधू, मन्ना ब्रैम्पटन, बॉस यूरोप और मनदीप स्पेन शामिल हैं. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग के पीछे असली वजह क्या थी.
बता दें कि शुक्रवार को कनाडा के ब्रैम्पटन स्थित महल स्वीट्स में फायरिंग की घटना हुई थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी. इस पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले लोगों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. वायरल पोस्ट में आरजू बिश्नोई, टायसन बिश्नोई और शुभम लोंकर के नाम सामने आए हैं. साथ ही यह संदेश भी देने की कोशिश की गई कि बिश्नोई ग्रुप में किसी तरह का अलगाव नहीं है और सभी एकजुट हैं.
अरविंद ओझा