'निर्मम सरकार का काउंटडाउन शुरू', बंगाल में TMC पर जमकर बरसे PM मोदी

कोलकाता में भाजपा की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, हिंसा और कटमनी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ब्रिगेड रैली से 'नए बंगाल की क्रांति' शुरू हो गई है और 'निर्मम सरकार' का अंत तय है. मोदी ने आरोप लगाया कि रैली रोकने के लिए रास्ते बंद किए गए और पोस्टर फाड़े गए. उन्होंने कहा कि बदलाव की आंधी को अब कोई नहीं रोक सकता और बंगाल में कानून का राज लौटेगा.

Advertisement
PM मोदी ने कोलकाता की रैली में TMC पर जमकर हमला बोला. Photo BJP Social Media PM मोदी ने कोलकाता की रैली में TMC पर जमकर हमला बोला. Photo BJP Social Media

इंद्रजीत कुंडू

  • कोलकाता,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:12 PM IST

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी की विशाल रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार, हिंसा और वर्षों के कुशासन के खिलाफ जनता में गुस्सा बढ़ रहा है और अब बदलाव की लहर शुरू हो चुकी है.

Advertisement

रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि 'नए बंगाल की क्रांति' इसी ब्रिगेड रैली से शुरू हो गई है और राज्य से 'निर्मम सरकार' तथा 'महाजंगलराज' का अंत अब तय है. उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार सत्ता खोने के डर से घबरा गई है और इसी वजह से लोगों को रैली में आने से रोकने की कोशिश की गई.

पोस्टर फाड़ने का आरोप
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि रैली को रोकने के लिए रास्तों पर यातायात बाधित किया गया, पुलों पर आवाजाही रोकी गई और पोस्टर फाड़े गए, लेकिन इसके बावजूद भारी संख्या में लोग सभा में पहुंचे. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने रैली में आए लोगों को 'चोर' कहकर अपमानित किया, जबकि असली चोर कौन हैं यह जनता अच्छी तरह जानती है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में बदलाव को अब कोई नहीं रोक सकता और भारतीय जनता पार्टी को 'महिषासुर मर्दिनी' का आशीर्वाद प्राप्त है. उन्होंने रैली में उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस सरकार के अंत की उलटी गिनती की शुरुआत है.

Advertisement

कांग्रेस, कम्युनिस्ट और टीएमसी पर निशाना
PM मोदी ने कहा, टीएमसी सरकार का एक ही एजेंडा है. ये लोग न खुद काम करते हैं और न किसी को काम करने देते हैं. जब तक इन्हें अपनी कटमनी नहीं मिलती, तब तक ये किसी भी योजना को गांव और गरीब तक पहुंचने नहीं देते. इसी कारण टीएमसी सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर रखती है. पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब टीएमसी, ये सभी एक के बाद एक सत्ता में आते रहे, अपनी जेबें भरते रहे और बंगाल में विकास के काम ठप्प पड़े रहे.

'TMC इस आंधी को रोक नहीं पाएगी'
PM ने कहा, एक समय था जब बंगाल पूरे भारत को गति देता था. व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में बंगाल सबसे आगे था. लेकिन आज यहां का युवा न ठीक से डिग्री हासिल कर पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल पा रहा है. आपके बेटे-बेटियों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है. यहां की निर्मम सरकार अब चाहे जितनी कोशिश कर ले, परिवर्तन की इस आंधी को रोक नहीं पाएगी. भाजपा और एनडीए के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है.

पीएम मोदी ने कहा, श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, खुदीराम बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी, भाजपा की सरकार उसी बंगाल का निर्माण और नवनिर्माण करेगी.

Advertisement

उन्होंने कहा, बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. वह दिन दूर नहीं जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा. जो कानून तोड़ेगा और जो अत्याचार करेगा, टीएमसी के किसी भी अत्याचारी को छोड़ा नहीं जाएगा, सबसे चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement