पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है. उन्होंने कहा, आरोप है कि पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कल्याण बनर्जी ने लिखा कि वे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करना चाहते हैं.
कल्याण बनर्जी ने बताया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कई आरोप लगाए जा रहे हैं. तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित मामलों में फंसाया जा रहा है. आरोप है कि बीजेपी नेताओं के राजनीतिक दबाव और उकसावे के तहत, पुलिस प्रशासन पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ निराधार मामले दर्ज कर गिरफ्तारियां कर रहे हैं.
कल्याण बनर्जी ने बताया कि कई मामलों में लोगों को हथकड़ी पहनाकर घुमाया गया है, और कुछ जगहों पर तो उनकी कमर में रस्सी भी बांधी गई है. कल्याण बनर्जी ने लिखा कि ये कार्रवाइयां सत्ता के दुरुपयोग के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं.
यह भी पढ़ें: बंगाल में हार के बाद TMC में नहीं रुक रहे इस्तीफे, अब असम अध्यक्ष ने छोड़ा दीदी का साथ
थोड़े ही समय में मिल जाती है जमानत
कल्याण बनर्जी ने एक्स पर लिखा, 'गिरफ्तार किए गए कई लोगों को थोड़े ही समय में जमानत मिल जाती है. जो उनके समर्थकों के अनुसार, इन मामलों की कमजोर और अस्थिर प्रकृति को दर्शाता है. हालांकि, जिन लोगों को जमानत नहीं मिली है और जो लंबे समय से न्यायिक हिरासत में हैं, उनके शुभचिंतकों से मेरा अनुरोध है कि वे एफआईआर और संबंधित अदालती आदेशों की प्रमाणित प्रतियों के साथ मुझसे संपर्क करें.'
कल्याण बनर्जी ने कहा, मैं अपनी पूरी क्षमता से और कानून की सीमाओं के भीतर रहते हुए उनकी मदद करने की हर संभव कोशिश करूंगा.
aajtak.in