उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आतंकवाद से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच के तहत एक युवक को हिरासत में लिया गया है. यह कार्रवाई मध्य प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) से मिले इनपुट के आधार पर की गई. हिरासत में लिए गए युवक की पहचान नईम अब्दुल्ला के रूप में बताई जा रही है, जो सहारनपुर के ननौता क्षेत्र का रहने वाला है.
सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश ATS ने हाल ही में मोहम्मद फराज नामक एक युवक को गिरफ्तार किया था. वह पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आ चुका था. इसके बाद वह आतंकी ट्रेनिंग ले रहा था. जांच के दौरान फराज के मोबाइल फोन की पड़ताल और उससे हुई पूछताछ में नईम अब्दुल्ला का नाम सामने आया. इसके बाद MP ATS और उत्तर प्रदेश की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से नईम के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की.
नईम और फराज का संबंध देवबंद के एक मदरसे से रहा है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों के बीच किस तरह का संपर्क था और क्या यह संपर्क किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है.
सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए फराज के कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलर से संपर्क होने की बात जांच में सामने आई है. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब नईम से पूछताछ की जा रही है.
हिरासत में लिए जाने के बाद नईम से कई सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं. उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है. एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि क्या वह किसी संदिग्ध गतिविधि या नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं.
फिलहाल जांच जारी है. इस बीच सहारनपुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. हाल के वर्षों में सोशल मीडिया, एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से ले रही हैं.
संतोष शर्मा