मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) की टीम ने शनिवार को Jamia Arabia Hayatul Uloom Madrasa पर बुलडोजर चला दिया. प्रशासन का दावा है कि मदरसा MDA की जमीन पर बना हुआ था और इस भूमि को लेकर कई दशकों से विवाद चल रहा था.
मझोला थाना इलाके स्थित नेशनल हाईवे किनारे यह मदरसा करीब तीन हेक्टेयर से अधिक भूमि पर बना हुआ था. शनिवार सुबह जिला प्रशासन, MDA और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई.
बुलडोजर के जरिए मदरसे की इमारत को ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
अधिकारियों के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद 1980 के दशक से चल रहा था. मामला अदालत तक पहुंचा, जहां हाल ही में हाईकोर्ट ने फैसला MDA के पक्ष में सुनाया. कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई.
MDA अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत की गई है. वहीं कार्रवाई के दौरान इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे.
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन मदरसे पर चली बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शहरभर में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
जगत गौतम