कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने आम लोगों से लेकर छोटे कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है. तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में रिकॉर्ड ₹993 की बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत ₹3,071.5 तक पहुंच गई है. यह लगातार तीसरा महीना है जब कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े हैं और तीन महीनों में कुल ₹1,303 की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है.
सिर्फ बड़े सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर पर भी ₹261 की बढ़ोतरी की गई है. कीमतों में इस उछाल के बाद सवाल उठ रहे हैं कि इसका असर रेस्टोरेंट और ढाबों पर कितना पड़ेगा और आखिरकार ग्राहकों की जेब पर इसका कितना बोझ बढ़ेगा. इसी को समझने के लिए आजतक की टीम ग्राउंड पर पहुंची और रेस्टोरेंट संचालकों व ग्राहकों से बातचीत की.
टीम नोएडा के सेक्टर 104 स्थित एक रेस्टोरेंट पहुंची, जहां कमर्शियल सिलेंडर की बढ़ी कीमतों का असर जानने की कोशिश की गई. यहां रेस्टोरेंट संचालकों ने बढ़ती लागत को लेकर अपनी चिंता जाहिर की.
रेस्टोरेंट कारोबार पर बढ़ती लागत का दबाव
रेस्टोरेंट संचालक विकास ने बताया कि पिछले महीने भी सिलेंडर के दाम बढ़े थे और अब अचानक ₹900 से ज्यादा की बढ़ोतरी कर दी गई है. उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि रेस्टोरेंट कारोबार के बारे में भी सोचा जाना चाहिए. उनके अनुसार पिछले कई महीनों से बिजनेस पहले ही कमजोर चल रहा था और अब इतनी बड़ी बढ़ोतरी से स्थिति और मुश्किल हो जाएगी.
विकास ने कहा कि बढ़ी हुई लागत को संभालने के लिए उन्हें अपने मेन्यू के दाम बढ़ाने पड़ेंगे, जिसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा. उन्होंने आशंका जताई कि गैस महंगी होने के कारण लोग अपनी बचत बढ़ाने पर ध्यान देंगे, जिससे रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों की संख्या भी घट सकती है.
रेस्टोरेंट सेक्टर में लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे आम उपभोक्ता पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है.
ग्राहकों की जेब पर बढ़ेगा बोझ
रेस्टोरेंट में पहुंचे ग्राहक ओमवीर ने कहा कि अगर कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े हैं तो रेस्टोरेंट इसकी भरपाई ग्राहकों से ही करेंगे. उनका कहना था कि जो चीज ₹2 में मिलती थी, वह अब ₹4 में मिल सकती है और इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा.
एक अन्य ग्राहक राजकुमार भाटी ने भी कहा कि बढ़ी हुई कीमतों का बोझ आखिरकार ग्राहकों पर ही डाला जाएगा. उनके अनुसार रेस्टोरेंट खुद नुकसान नहीं उठाएंगे और इसका असर आम आदमी की जेब से ही निकलेगा.
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने रेस्टोरेंट कारोबार और ग्राहकों दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है. आने वाले दिनों में इसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी साफ दिखाई दे सकता है.
भूपेन्द्र चौधरी