चंदौली: प्याज के नीचे छिपाई थी 50 लाख की शराब, होली पर बिहार में खपाने की थी तैयारी, दो तस्कर गिरफ्तार

बिहार में होली पर शराब की डिमांड को देखते हुए तस्कर सक्रिय हो गए हैं. चंदौली पुलिस ने यूपी-बिहार बॉर्डर पर प्याज की बोरियों से लदे एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें से 3800 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई. हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement
चंदौली में लाखों की शराब (Photo- ITG) चंदौली में लाखों की शराब (Photo- ITG)

उदय गुप्ता

  • चंदौली ,
  • 26 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:56 PM IST

UP News: चंदौली पुलिस और एसओजी की टीम ने गुरुवार को माजावर स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान एक राजस्थान नंबर के ट्रक से 50 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की. हरियाणा निवासी दो तस्कर मध्य प्रदेश के ग्वालियर से यह खेप लेकर बिहार जा रहे थे. तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब की पेटियों को प्याज की बोरियों के पीछे छुपा रखा था. पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर इस गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया और ट्रक चालक समेत उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत जेल भेज दिया.

Advertisement

प्याज की बोरियों के बीच मिला शराब का जखीरा

होली के त्यौहार के नजदीक आते ही बिहार में शराब की तस्करी तेज हो गई है. चंदौली कोतवाली पुलिस को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक मिला, जिसमें ऊपर से प्याज लदा दिखाई दे रहा था. 

जब पुलिस ने बोरियों को गहराई से हटाकर जांच की, तो उसके पीछे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं. शराब की मात्रा लगभग 3800 लीटर है. तस्करों ने इसे बेहद शातिर तरीके से पैक किया था ताकि किसी को दुर्गंध या शक न हो सके.

ग्वालियर से बिहार जा रही थी 50 लाख की खेप

पूछताछ में पता चला है कि बरामद की गई शराब मध्य प्रदेश के ग्वालियर से लोड की गई थी. बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां ऊंचे दामों पर शराब बेचने की योजना थी. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. गिरफ्तार दोनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं, जो लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल हो सकते हैं. पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

Advertisement

होली को लेकर यूपी-बिहार बॉर्डर पर अलर्ट

बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर तस्कर अक्सर त्यौहारों के सीजन में तस्करी बढ़ा देते हैं. चंदौली सदर के क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि होली को देखते हुए पुलिस और एसओजी की टीम लगातार सीमाओं पर चौकसी बरत रही है. इसी सतर्कता के चलते माजावर स्टेशन के पास इस ट्रक को पकड़ने में सफलता मिली. बॉर्डर पर अन्य वाहनों की भी सघन तलाशी ली जा रही है ताकि अवैध शराब की सप्लाई को पूरी तरह से रोका जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement