भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा. स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए थे. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने भी अब इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है.
विराट कोहली की जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शनिवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की. विराट कोहली को IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ घोषित वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन मेडिकल टीम की रिपोर्ट के बाद अब उन्हें सीरीज से बाहर करने का फैसला लिया गया.
चीफ सेलेक्टर अजीगरकर ने विराट कोहली की फिटनेस को लेकर कहा कि फिलहाल उनकी चोट की रिकवरी का सटीक समय तय नहीं है. हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज तक फिट हो सकते हैं.
अजीत अगरकर ने कहा, "विराट को चोट लगे अभी एक सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ है. हमें अभी फिजियो से उनकी रिकवरी को लेकर स्पष्ट समयसीमा नहीं मिली है. ऐसा लग रहा है कि वह इंग्लैंड वनडे सीरीज तक फिट हो सकते हैं, लेकिन इस समय कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता.'
विराट कोहली के बाहर होने से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को बड़ा झटका लगा है. अनुभवी बल्लेबाज पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रहे थे. उन्होंने इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी आखिरी अंतरराष्ट्रीय वनडे सीरीज में तीन मैचों में 240 रन बनाए थे. इस दौरान उनका औसत 80.00 और स्ट्राइक रेट 105.26 रहा था.
गौरतलब है कि विराट कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में ही भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं. वह पहले ही टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. वहीं, यशस्वी जायसवाल के लिए यह खुद को साबित करने का बड़ा अवसर होगा. यशस्वी अब तक भारत के लिए चार ओडीआई मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 171 रन बनाए हैं. उनका औसत 57 का रहा है, जो उनके प्रतिभाशाली खिलाड़ी होने का प्रमाण है.
दिलचस्प बात यह है कि यशस्वी ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ ही अपना वनडे डेब्यू किया था और तब भी उन्होंने चोटिल विराट कोहली की जगह टीम में एंट्री की थी. अब एक बार फिर उन्हें कोहली के विकल्प के तौर पर मौका मिला है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होगी. ऐसे में सभी की निगाहें अब यशस्वी जायसवाल पर होंगी कि क्या वह इस बड़े मौके को भुना पाते हैं और टीम में अपनी जगह मजबूत कर पाते हैं. दूसरी ओर फैन्स को उम्मीद होगी कि विराट कोहली जल्द फिट होकर इंग्लैंड सीरीज में वापसी करें.
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा*, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या*, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क