टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच महामुकाबले में भिड़ंत रविवार (8 मार्च) को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुई. इस मैच में मिचेल सैंटनर ने टॉस जीता. न्यूजीलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. दूसरी ओर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार टॉस हारने के बावजूद काफी सहज और खुश नजर आए.
टॉस के बाद सूर्या ने साफ कहा कि टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने में सहज है. उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है और फाइनल जैसे बड़े मैच में बोर्ड पर रन होना हमेशा फायदेमंद रहता है.
सूर्याकुमार यादव ने कहा- हम पहले बल्लेबाजी करके खुश हैं क्योंकि इस टूर्नामेंट में हमने ऐसा करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है. सेमीफाइनल या फाइनल जैसे बड़े मैच में बोर्ड पर रन होना हमेशा अच्छा रहता है.
फाइनल के दबाव पर सूर्या ने कहा कि टीम अब पुराने नतीजों के बारे में नहीं सोच रही. उन्होंने इशारों में 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की हार का जिक्र करते हुए कहा कि वह सब अब इतिहास बन चुका है. यानी साफ है कि सूर्या के जेहन में 19 नवंबर 2023 के वनडे वर्ल्ड कप की हार रही.
सूर्या बोले- वो सब अब इतिहास है. ये नया वर्ल्ड कप है और हम इसके लिए बहुत उत्साहित हैं.
उन्होंने अहमदाबाद के स्टेडियम के माहौल का भी जिक्र किया और कहा कि टॉस के समय ही स्टेडियम लगभग भर चुका था, जिससे साफ है कि फैन्स को एक शानदार मुकाबले की उम्मीद है.
वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने की वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि पिच अच्छी दिख रही है और टीम पहले गेंदबाजी कर भारत को सीमित स्कोर पर रोकने की कोशिश करेगी.
सैंटनर ने कहा- हम पहले गेंदबाजी करेंगे. पिच अच्छी लग रही है. हम देखेंगे कि इसमें कुछ मदद मिलती है या नहीं और कोशिश करेंगे कि भारत को एक चेज़ेबल स्कोर तक रोका जाए.
न्यूजीलैंड और भारत की प्लेइंग इलेवन टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कैसी?
न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI में एक बदलाव भी हुआ है. उन्होंने माइकल मैककॉन्ची को बाहर कर जैकब डफी को टीम में शामिल किया है.
दिलचस्प बात यह भी रही कि न्यूजीलैंड ने ऑफ स्पिनर के बिना ही मैदान पर उतरने का फैसला किया है, जबकि भारतीय टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं. भारत ने इस बड़े मुकाबले के लिए अपनी सेमीफाइनल वाली ही प्लेइंग XI पर भरोसा जताया है.
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जिमी नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी.
aajtak.in