टिकट बिके, मैदान तय नहीं! T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल-फाइनल पर ICC हुआ कंफ्यूज

T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल के टिकट बिक्री पर आ गए हैं, लेकिन मुकाबले किस शहर में होंगे यह अब तक तय नहीं है. भारत-पाकिस्तान के तनाव की वजह से और हाइब्रिड मॉडल के कारण ICC ने वैकल्पिक वेन्यू रखे हैं. मैच शिफ्ट होने पर क्या टिकट रिफंड मिलेगा?

Advertisement
फैन्स पर पड़ा प्लानिंग का बोझ, ICC ने रखा ‘फ्लोटिंग’ इंतजाम (Photo: PTI) फैन्स पर पड़ा प्लानिंग का बोझ, ICC ने रखा ‘फ्लोटिंग’ इंतजाम (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:31 PM IST

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंस‍िल (ICC) ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल के टिकट बिक्री के लिए जारी कर दिए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन मुकाबलों का अंतिम वेन्यू अब तक तय नहीं है. ICC ने मंगलवार (24 फरवरी) को एक प्रेस रिलीज के जरिए टिकटों की बिक्री की घोषणा की, जिसमें बताया गया कि बिक्री शाम 7 बजे शुरू हुई. 

Advertisement

टिकटों में कोलकाता, मुंबई, अहमदाबाद और कोलंबो का विकल्प दिया गया है, जबकि यह साफ नहीं कि मैच वास्तव में इनमें से किस शहर में खेले जाएंगे. इस टूर्नामेंट की सह-मेजबानी  भारत और श्रीलका कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान से जुड़े राजनीतिक तनावों के कारण हाइब्रिड मॉडल लागू किया गया है.

इस व्यवस्था के तहत पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रहा है. इसका सीधा असर नॉकआउट मुकाबलों के वेन्यू पर पड़ता है. अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो उसका मैच स्वतः कोलंबो शिफ्ट हो जाएगा.

सेमीफाइनल-1 बना ‘फ्लोटिंग मैच’
पहला सेमीफाइनल या तो आर प्रेमदासा स्टेड‍ियम में होगा या ईडन गार्डन्स में होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन-सी टीमें क्वालिफाई करती हैं.

  • अगर पाकिस्तान क्वालिफाई करता है तो मैच कोलंबो में होगा. 
  • श्रीलंका क्वालिफाई करता है (भारत के अलावा किसी और से भिड़ंत) तो मैच कोलंबो में होगा
  • भारत बनाम श्रीलंका सेमीफाइनल हुआ तो मैच कोलकाता में होगा. 

दूसरा सेमीफाइनल तय, लेकिन समीकरण यहां भी जुड़े
दूसरा सेमीफाइनल फिलहाल वानखेड़े में निर्धारित है, हालांकि पूरे शेड्यूल की संवेदनशीलता पहले मैच के परिणामों से जुड़ी रहेगी.

Advertisement

फाइनल अहमदाबाद में… लेकिन शर्त लागू
फाइनल मूल योजना के अनुसार अहमदाबाद में होना है. लेकिन यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला भी कोलंबो स्थानांतरित कर दिया जाएगा. यानी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच भी “कंडीशनल वेन्यू” पर टिका है.

फैन्स के लिए बढ़ी मुश्किलें
ICC ने दो शहरों को एक ही मैच के लिए तैयार रहने को कहा है. स्टेडियम, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स समानांतर चल रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ी अनिश्चितता दर्शकों के सामने है. फैन्स को बिना वेन्यू की पुष्टि के फ्लाइट बुक करनी पड़ सकती है. होटल रिजर्व करना पड़ सकता है. इंटरनेशनल ट्रैवल प्लान करना पड़ सकता है

मैच शिफ्ट हुआ तो क्या मिलेगा?
ICC ने साफ किया है कि  मैच दूसरी जगह जाने पर टिकट का पैसा रिफंड होगा. लेकिन फ्लाइट, होटल, वीजा या यात्रा का कोई खर्च वापस नहीं मिलेगा. यानि वेन्यू बदलने का वित्तीय जोखिम पूरी तरह दर्शकों पर रहेगा.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement