पाकिस्तान टीम को रविवार (15 फरवरी) को भारत से हार क्या मिली, पूरा पड़ोसी मुल्क ही हार के गम में उबल रहा है. हालत तो यह है कि हर कोई अपनी ही टीम की बेइज्तती करने से नहीं चूक रहा है. पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी, सोशल मीडिया के इंफ्लुएंसर और राजनेता भी अपनी टीम को पानी पी-पीकर कोस रहे हैं.
कोलंबो में पाकिस्तान को भारत से 61 रनों से हार मिली. जो उसकी भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी रनों की हार रही. इस हार के बाद पड़ोसी देश में गम से ज्यादा गुस्से का माहौल है.
यह भी पढ़ें: 'हमें तो आदत है...', भारत से हारकर पाकिस्तान के LIVE टीवी शो में क्यों बजी तालियां, VIDEO
शेख रशीद भूल गए शब्दों का संयम
भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री शेख रशीद अहमद का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जहां वो कुछ ऐसा कह गए, जो बेहद आपत्तिजनक है. शेख रशीद पाकितान के रेलमंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री भी रह चुके हैं. इसके अलावा भी वो कई बड़े पद संभाल चुके हैं.
यह भी पढ़ें: पहले PCB चीफ मोहसिन नकवी पर हमला, अब नरमी... 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' शोएब अख्तर के बदल गए सुर
शेख रशीद ने अपने बयान में टीम के खराब प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान किसी से भी हार सकता है. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर बहस का कारण बन गया है. कई यूजर्स ने रशीद द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा को आपत्तिजनक करार दिया.
रशीद का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें वो कह रहे हैं- आज अफसोस का दिन है. हमने हारना ही था, ये टीम तो हि** के साथ भी खेलती तो वहां भी हारती.
जो शब्द रशीद ने कहे उसको हम संपादकीय मर्यादा के कारण नहीं लिख रहे, ना ही वीडियो लगा रहे. पर इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल है.
शेख रशीद का संबंध पाकिस्तान मुस्लिम लीग (N) से रहा है. वही वो अवामी मुस्लिम लीग के संस्थापक और नेता हैं .रशीद अपने विवादित और सुर्खियां बटोरने वाले बयानों के लिए जाने जाते हैं. इस बार भी उनका बयान खेल और राजनीति, दोनों हलकों में चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने इमरान खान सरकार में 2020 से 2022 तक पाकिस्तान के 38वें गृह मंत्री के रूप में कार्य किया था.
aajtak.in