पाकिस्तानी क्रिकेटर ने बताई टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमी... रोहित-कोहली का भी किया जिक्र

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की शर्मनाक हार पर पाकिस्तान के पूर्व तेज मोहम्मद आमिर ने जो बातें कही हैं, उनमें काफी दम है. भारतीय टीम ने बड़े मुकाबले में अक्षर पटेल, कुलदीप यादव जैसे मैच विनर्स बॉलर को बाहर रखा, जो समझ से परे रहा.

Advertisement
मोहम्मद आमिर ने भारत की हार का विश्लेषण किया. (Photo: Reuters) मोहम्मद आमिर ने भारत की हार का विश्लेषण किया. (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • इस्लामाबाद,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:38 PM IST

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से करारी शिकस्त दी. भारतीय टीम को अब जिम्बाब्वे (26 फरवरी) और वेस्टइंडीज (1 मार्च) के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं, जो सेमीफाइनल के लिहाज से काफी अहम हो चुके हैं.

Advertisement

इस हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद ने भारतीय टीम को लेकर प्रतिक्रिया दी. आमिर ने साफ कहा कि टीम को अब विराट कोहली और रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी साफ तौर पर महसूस हो रही है. रोहित-कोहली (ROKO) ने पिछले वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत के बाद टी20 इंटरनेशनल को अलविदा कह दिया था. फिर उन दोनों ने आगे चलकर टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी.

मोहम्मद आमिर ने इशारों-इशारों में कहा कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव की अहमियत तब समझ आती है, जब टीम दबाव में बिखर जाती है. आमिर के मुताबिक मजबूत टीमों के खिलाफ मैच जीतने के लिए सिर्फ आक्रामकता नहीं, बल्कि धैर्य और मैच परिस्थिति की समझ भी जरूरी होती है और भारत से यही चूक हो रही है.

Advertisement

भारतीय टीम एक्सपोज कैसे हो गई?
मोहम्मद आमिर ने 'हारना मना है' शो में कहा, "आपने एक बात नोट की होगी. भारत आज एक्सपोज हुआ है. पहली बार उसने इस वर्ल्ड कप में चेज किया है. लोग भूल रहे हैं कि ये वो टीम नहीं है जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा थे, जो परिस्थिति के हिसाब से मैच को चलाते थे. सबसे बड़ी गलती जो हम करते हैं, हमारी टीम करती है, भारत शुरुआत में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों को भेज रहा है. दूसरी टीमें ऑफ स्पिनर को लगा देती हैं. एक-दो आउट हुए, 180 चेज करना मुसीबत बन जाता है."

मोहम्मद आमिर कहते हैं, "आप शिवम दुबे को खिला रहे हैं. हमारी टीम फहीम अशरफ को हर मैच में खिलाती है, जबकि उसका कोई रोल नहीं है. रिंकू सिंह की बारी आती नहीं. आपने अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को बाहर रखा. उनके प्लेयर्स स्पिनर्स के आगे संघर्ष करते हैं. चाइनामैन स्पिनर आपके पास है, जिसे आपने बाहर रखा. अबरार के साथ भी ऐसा होता है. आप जितनी मर्जी बड़ी टीम हो, जब तक सही कॉम्बिनेशन नहीं खिलाएंगे, बड़ी टीमें आपको एक्सपोज करेंगी."

ग्रुप स्टेज में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA), पाकिस्तान और नामीबिया के खिलाफ लगातार जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह बनाई थी. लेकिन अगले चरण की शुरुआत ही झटके के साथ हुई. साउथ अफ्रीकी टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में भारत को पूरी तरह पछाड़ दिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement