Sanjiv Goenka Reaction On Mukul Chodhary: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (Lsg) के लिए मुकुल चौधरी ने जो करिश्मा किया, उसे देखकर पूरा क्रिकेट जगत हैरान है.
केकेआर के खिलाफ ईडन गार्डन्स पर चेज करते समय मैच लगभग हाथ से निकल चुका था, लेकिन 21 साल के इस लड़के ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन ठोक दिए. सात छक्कों की बौछार कर LSG को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी. यह LSG की सीजन की दूसरी जीत थी.
इस मुकाबले के दौरान जब मैच फिनिशिंग मोड में था और आखिरी ओवर में जब मुकुल ने छक्का मारा तो लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मालिक संजीव गोयनका खुद को रोक नहीं सके और भावुक हो गए.
इस दौरान दोनों हाथों को झटकते हुए ये जतलाने की कोशिश की तुमने कर दिया... हां, हम जीत गए. कुल मिलाकर संजीव गोयनका का यह अंदाज बेहद चर्चा में रहा.
वहीं मैच खत्म होते ही लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक डॉ. संजीव गोयनका खुद को रोक नहीं पाए. वे स्टैंड से सीधे मैदान पर दौड़ पड़े. इस दौरान संजीव गोयनका ने गाल पर हाथ रखकर प्यार से दुलार किया, वहीं मुकुल के कंधे पर हाथ रखा आर गले लगाया.
यह पल इतना इमोशनल था कि वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. इस दौरान लखनऊ टीम के कप्तान ऋषभ पंत भी नजर आए.
वहीं संजीव गोयनका ने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट शेयर किया और लिखा- आज मुकुल और आयुष ने बहुत अच्छा खेल दिखाया. पंत की कप्तानी भी शानदार रही. मैच सिर्फ बड़े मौकों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे पलों को सही तरीके से संभालने से जीते जाते हैं. आज टीम ने वही किया. टीम पर गर्व है और फैन्स का धन्यवाद किया. साथ ही कहा कि टीम आगे भी ऐसे ही बेहतर खेल दिखाने की कोशिश करेगी.
दरअसल, मुकुल चौधरी ने जब एक-एक करके छक्के लगाने शुरू किए तो गोयनका इमोशनल दिखे. हारा हुआ मैच उनके छक्कों की वजह से जिंदा हो गया. केकेआर की गेंदबाजी धराशायी हो गई और लखनऊ की ड्रेसिंग रूम में जश्न छा गया. गोयनका ने बाद में मुकुल को खास तौर पर शाबाशी दी और कहा कि यह पारी याद रहेगी.
मुकुल की इस पारी ने न सिर्फ मैच का रुख बदला बल्कि पूरे LSG कैम्प में खुशी की लहर दौड़ा दी. युवा खिलाड़ी ने साबित कर दिया कि बड़े मंच पर भी दबाव में खेलना उसका जुनून है. संजीव गोयनका का यह प्यार भरा रिएक्शन फैन्स के दिलों को छू गया. क्रिकेट प्रेमी अब इस इमोशनल मोमेंट पर गदगद हैं, क्योंकि वह पूर्व में कई बार खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन पर भी अपने रिएक्शन दिखाने से चर्चा में रहे हैं. कई बार वो रिएक्शन गुस्से वाले रहे, ऐसे में वो फैन्स की आलोचनाओं का शिकार भी बने.
लखनऊ की टीम 9 अप्रैल को मिली इस जीत के बाद पांचवें नंबर पर पहुंच गई है, उसने तीन मुकाबले खेले हैं और उसको 2 मैचों में जीत और एक में हार मिली है. अब लखनऊ की टीम गुजरात टाइटन्स से 12 अप्रैल को रविवार को खेलने उतरेगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क