भारतीय क्रिकेट टीम और IPL में अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बना चुके अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) इन दिनों सोशल मीडिया पर भारी विवाद में घिर गए हैं. वजह बनीं तिलक वर्मा पर हुआ कमेंट, लेकिन अर्शदीप सिंह पहले साई सुदर्शन को लेकर भी नस्लीय टिप्पणी कर चुके हैं. इसका वीडियो वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया कि अर्शदीप सिंह ने तिलक वर्मा (Tilak Varma) के रंग को लेकर मजाक किया. वायरल पोस्ट के मुताबिक होटल जाते समय अर्शदीप ने तिलक से कहा-ओए, अंधेरे!.
अर्शदीप ने आग कहा- कल मैच है, मैच पर फोकस करियो. सनस्क्रीन नहीं लगाई? वायरल ट्रांसक्रिप्ट के मुताबिक बातचीत यहीं नहीं रुकी. फिर आगे उन्होंने नमन धीर को दिखाकर कहा-असली नूर यह होता है.
इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कई यूजर्स ने इसे मजाक की सीमा पार करने वाला व्यवहार बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे दोस्तों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत करार दिया. हालांकि बड़ी संख्या में फैन्स ने इसे रंगभेदी टिप्पणी बताते हुए नाराजगी जाहिर की.
एक यूजर ने पोस्ट में लिखा कि अगर BCCI इस मामले को गंभीरता से लेता है तो अर्शदीप सिंह पर कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं कुछ फैन्स ने क्रिकेटरों को सार्वजनिक व्यवहार को लेकर ज्यादा जिम्मेदार होने की सलाह दी.
विवाद यहीं नहीं रुका. एक अन्य वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि अर्शदीप सिंह ने साई सुदर्शन को लेकर भी टिप्पणी की थी. पोस्ट के मुताबिक एक वीडियो रिकॉर्ड करते समय उन्होंने कहा- रुको, कैमरा लेंस साफ कर लूं, कैमरा साई को कैप्चर नहीं कर पा रहा.
इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर अर्शदीप सिंह ट्रेंड करने लगा. कई लोगों ने सवाल उठाए कि क्या क्रिकेट में इस तरह के मजाक को सामान्य मान लेना चाहिए. हालांकि अब तक अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, साई सुदर्शन या BCCI की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स और कथित बातचीत की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस मामले ने क्रिकेट फैन्स के बीच रंगभेदी टिप्पणियों और खिलाड़ियों की सार्वजनिक छवि को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है.
यह भी पढ़ें: तिलक वर्मा पर ‘ओए अंधेरे...’, बोलते ही फंसे अर्शदीप सिंह, बैन की आई नौबत
अर्शदीप कैसे बना रहे वीडियो, BCCI को ठेंगा
आईपीएल 2026 के बीच BCCI ने पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की व्लॉगिंग पर रोक लगा दी थी. हालिया विवादित वीडियोज के बाद बोर्ड ने यह फैसला लिया था. खिलाड़ियों और उनके परिवारों को भी होटल, ड्रेसिंग रूम और टीम मूवमेंट से जुड़ा कंटेंट पोस्ट नहीं करने की सलाह दी गई है. BCCI ने टूर्नामेंट में अनुशासन और सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी थी. इसके बावजूद अर्शदीप का यह वीडियो सामने आया है, जिससे साफ है कि उन्होंने BCCI के नियमों को भी ताक पर रख दिया है. अर्शदीप पर पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मण शिवराम कृष्णनन ने बैन की मांग की है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क