राजस्थान के जोधपुर से सांचौर जा रही एक निजी बस बालोतरा जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. सरवडी गांव के पास ओवरटेक करने के दौरान बस ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और सात से अधिक यात्री घायल हो गए.
हादसे में बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के स्लीपर कोच के कांच टूटकर अंदर बिखर गए और कई यात्री उसमें फंस गए. स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. लोगों ने बस के इमरजेंसी गेट और टूटे कांच के रास्ते यात्रियों को बाहर निकाला.
कुछ यात्रियों की हालत गंभीर
घायलों को पहले बालोतरा में प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में गंभीर घायलों को जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर किया गया. एसीपी छवि शर्मा के अनुसार, दुर्घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों में नगाराम पुत्र पाना देवासी (सायला), अनुषा पुत्री भगवानराम (सांचौर), नरपत (चितलवाना), युवराज (5साल) और शिवराज (15 माह) शामिल हैं, जबकि एक शव की शिनाख्त अभी बाकी है.
पोकरण सरकारी अस्पताल में कार्यरत नर्सिंगकर्मी धारू राम ने बताया कि वो परिवार सहित घर जा रहे थे. हादसे में उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई और उसका पैर काटना पड़ा.
इमरजेंसी गेट खोलकर निकाले कई यात्री
प्रत्यक्षदर्शी रमेश विश्नोई ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी. टक्कर के बाद उन्होंने इमरजेंसी गेट खोलकर कई यात्रियों को बाहर निकाला. गौरतलब है कि जैसलमेर बस अग्निकांड के बाद सरकार के निर्देश पर निजी बसों में इमरजेंसी गेट अनिवार्य किए गए थे. इस हादसे में वही इमरजेंसी गेट कई यात्रियों की जान बचाने में सहायक साबित हुआ.
अशोक शर्मा