राजस्थान के अलवर जिले में तेज रफ्तार के कारण बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. अलवर-बहरोड़ सड़क मार्ग पर जिंदोली गांव के पास एक तेज रफ्तार टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. बताया जा रहा है कि सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे टेंपो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया. हादसे के समय टेंपो में कई सवारियां बैठी हुई थीं, जो पलटते ही पत्तों की तरह हाईवे पर बिखर गईं.
इस दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायल युवक मुंडावर क्षेत्र के बड़ली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे के तुरंत बाद घायलों को उपचार के लिए अलवर के जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: अलवर: मिट्टी में दिखे हाथ-पैर तो खुला बड़ा हत्याकांड, टैटू से हुई लाश की पहचान
बस को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो तेज गति से सड़क पर आ रहा था. इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार रोडवेज बस आ गई. बस से टकराव से बचने के लिए चालक ने अचानक वाहन को मोड़ दिया. इस दौरान टेंपो पहले बस से टकराने से बाल-बाल बच गया, लेकिन अचानक मोड़ने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टेंपो सड़क किनारे पलट गया.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. टेंपो पलटते ही उसमें बैठी सवारियां अनियंत्रित होकर हाईवे पर हवा में उछलकर गिर पड़ीं. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया.
सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में हादसे का पूरा मंजर कैद हो गया. सामने आए सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि टेंपो पहले बस से टकराने से बचता है और फिर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क किनारे पलट जाता है.
देखें वीडियो...
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को घटना की जानकारी दी थी. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और अब पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
हिमांशु शर्मा