आंखों में जलन और मच गई भगदड़... भोपाल में खुदाई के दौरान फूटी गैस पाइपलाइन, हॉस्पिटल गार्ड बना मसीहा

भोपाल के अयोध्या बायपास पर 10 लेन प्रोजेक्ट की खुदाई के दौरान थिंक गैस की पाइपलाइन फटने से हड़कंप. एप्पल चिल्ड्रन हॉस्पिटल के गार्ड आरिफ खान ने फायर सिलेंडर से टाला बड़ा हादसा. देखिए सीसीटीवी फुटेज और ग्राउंड रिपोर्ट...

Advertisement
बच्चों के अस्पताल के पास गैस पाइपलाइन फटने का LIVE सीसीटीवी आया सामने.(Photo:Screengrab) बच्चों के अस्पताल के पास गैस पाइपलाइन फटने का LIVE सीसीटीवी आया सामने.(Photo:Screengrab)

धर्मेंद्र साहू

  • भोपाल,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:36 PM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अयोध्या बायपास क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां चल रहे 10 लेन सड़क निर्माण प्रोजेक्ट के तहत हो रही खुदाई के दौरान अचानक 'थिंक गैस' की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में भारी गैस रिसाव शुरू हो गया. गैस फैलते ही आसपास के लोगों की आंखों में तेज जलन और बेचैनी होने लगी, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. इस पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

Advertisement

यह पूरी घटना अयोध्या बायपास पर स्थित 'एप्पल चिल्ड्रन हॉस्पिटल' के बिल्कुल समीप हुई. स्थानीय रहवासी अभिषेक नामदेव ने बताया कि इलाके में पहले सीवेज की लाइन में टूट-फूट हुई थी, जिसे सुधारने के लिए खुदाई का काम चल रहा था. इसी दौरान लापरवाही के चलते थिंक गैस की पाइपलाइन भी टूट गई.

हादसा जहां हुआ, उसके ठीक सामने बच्चों का बड़ा अस्पताल है, जहां कई नवजात और मासूम बच्चे SNCU और NICU वार्ड में भर्ती थे. यदि गैस रिसाव के दौरान थोड़ी सी भी चूक होती या कोई चिंगारी सुलग जाती, तो एक भयानक विस्फोट या आगजनी हो सकती थी, जिससे भारी जनहानि का खतरा था.

देवदूत बनकर आया हॉस्पिटल का गार्ड आरिफ खान
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाइपलाइन फटने के करीब आधे घंटे बाद तक पुलिस को छोड़कर प्रशासन या गैस कंपनी का कोई भी जिम्मेदार अमला मौके पर नहीं पहुंचा था. ऐसे नाज़ुक वक्त में एप्पल चिल्ड्रन हॉस्पिटल के सुरक्षा गार्ड आरिफ खान ने अपनी जान की परवाह किए बिना देवदूत की भूमिका निभाई.

Advertisement

गार्ड आरिफ खान ने जैसे ही गैस का रिसाव और मौके पर मची भगदड़ देखी, वे तुरंत अस्पताल के भीतर से अग्निशामक सिलेंडर उठाकर बाहर भागे. आरिफ ने अकेले ही मोर्चे पर डटकर रिसाव वाली जगह पर लगातार स्प्रे करना शुरू किया. रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास में उन्होंने एक के बाद एक दो फायर सिलेंडर खाली कर दिए. आरिफ की इस बहादुरी और सूझबूझ के कारण गैस का फैलाव रुक गया और एक बड़ा हादसा टल गया. देखें VIDEO:- 

पुलिस ने रुकवाया काम, रूट किया डायवर्ट
गैस लीक की सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम एफआरवी (FRV) के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन अयोध्या बायपास के उस हिस्से का ट्रैफिक डायवर्ट करवाया और मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत बंद कराया. इसके बाद तकनीकी टीम को बुलाकर सुधार कार्य शुरू करवाया गया.

थाना प्रभारी (TI) महेश लिलहरे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया है और पाइपलाइन का सुधार कार्य जारी है. इसके साथ ही मौके पर मौजूद निर्माण कंपनी के कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे घनी आबादी वाले और अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अत्यंत सावधानी के साथ ही खुदाई का कार्य करें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »