गर्मियों के मौसम में सत्तू का लगभग पूरे भारत में खूब सेवन किया जाता है. भुने हुए चने से बना सत्तू प्रोटीन, फाइबर और आयरन का पावरहाउस है. इसका ज्यादातर लोग पानी में घोलकर लपसी की तरह या फिर शरबत बनाकर सेवन करते है. कई लोग इसकी लिट्टी भी बनाकर खाते हैं लेकिन क्या आपने इसका हलवा ट्राई किया है. यह हलवा एक बहुत ही पौष्टिक और हल्का डेजर्ट होता है जिसके ढेरों फायदे होते हैं.
इस हलवे को चीनी या चाशनी के साथ बनाया जा सकता है लेकिन यहां हम आपको इसे रिफाइंड चीनी नहीं बल्कि गुड़ के साथ बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. यह हलवा न सिर्फ आपके मीठे की क्रेविंग को शांत करता है बल्कि भीषण गर्मी में आपके शरीर को ठंडक और तुरंत ऊर्जा भी देता है.
हलवा बनाने के लिए आपको चाहिए होंगी ये चीजें
चने का सत्तू: 1 कप
गुड़ का पाउडर: 3/4 कप
देसी घी: 4-5 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर: आधा चम्मच
गुनगुना पानी या दूध: 2 कप
बारीक कटे मेवे (बादाम, काजू, पिस्ता): 2 बड़े चम्मच
बनाने का तरीका
एक भारी तले की कड़ाही में घी गरम करें. अब इसमें सत्तू डालें और धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भूनें. सत्तू पहले से भुना होता है इसलिए इसे ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं पड़ती. बस सौंधी खुशबू आने तक चलाएं.
अब इसमें धीरे-धीरे गुनगुना पानी या दूध डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें.
जब सत्तू सारा पानी सोख ले और गाढ़ा होने लगे. तब इसमें गुड़ का पाउडर और इलायची पाउडर डालें.
इसे तब तक पकाएं जब तक हलवा कड़ाही के किनारे न छोड़ने लगे. अंत में बारीक कटे हुए मेवे मिलाएं.
गरमा-गरम या हल्का ठंडा करके इसे सर्व करें. यह हलवा पेट के लिए बहुत हल्का होता है.
aajtak.in