Kitchen Sink Pipe Blockage: कभी बर्तन धोने के लिए तो कभी सब्जियों को धोने के लिए रसोई में सिंक का इस्तेमाल खूब किया जाता है. ऐसे में सिंक के पाइप में समय के साथ सब्जियों से लेकर खाने के बचे हुए कण फंस जाते हैं. इसकी वजह से सिंक जाम होने लगती है. ये घर की उन परेशानियों में से एक है, जो देखते ही देखते बड़ा सिरदर्द बन जाती है. पहले पानी धीरे-धीरे निकलता है, फिर सिंक में भरने लगता है और आखिरकार बदबू के साथ गंदगी भी फैलने लगती है. ऐसे में ज्यादातर लोग तुरंत प्लंबर को फोन करने के बारे में सोचते हैं, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि हर बार पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं होती है.
दरअसल, कुछ आसान घरेलू ट्रिक्स की मदद से आप बिना प्लंबर को बुलाए ही रसोई की जाम सिंक से छुटकारा पा सकते हैं. खास बात ये है कि इन उपायों के लिए आपको महंगे सामान की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. आइए जानते हैं रसोई की सिंक की जाम पाइप को साफ करने के आसान और असरदार तरीके.
आखिर रसोई के सिंक की पाइप जाम क्यों हो जाती है?
रसोई की सिंक की पाइप में अक्सर तेल-घी, खाने के छोटे टुकड़े, चायपत्ती, साबुन का मैल और दूसरी गंदगी जमा होती रहती है. धीरे-धीरे यही परत मोटी हो जाती है, जो पानी का रास्ता रोक देती है.
1. सबसे पहले गर्म पानी का इस्तेमाल करें: अगर सिंक बहुत लंबे समय से जाम पड़ी हो, तो आप उसे खोलने के लिए गर्म पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसे धीरे-धीरे सिंक के ड्रेन में डालें. गर्म पानी पाइप में जमे चिकनाई वाले पदार्थों को ढीला करने में मदद कर सकता है.
2. बेकिंग सोडा और सिरके का आसान नुस्खा: जाम हो चुकी सिंक के ड्रेन में आधा कप बेकिंग सोडा डालें और उसके बाद आधा कप सिरका डाल दें. कुछ देर तक झाग बनने दें और फिर गर्म पानी डालकर फ्लश कर दें. ये तरीका पाइप में जमी गंदगी और बदबू को कम करने में मदद कर सकता है.
3. प्लंजर से भी मिल सकती है राहत: अगर पानी सिंक से बिल्कुल नहीं निकल रहा है, तो प्लंजर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. प्लंजर से बनने वाला दबाव पाइप में फंसी गंदगी को ढीला कर सकता है और पानी का फ्लो फिर से नॉर्मल हो सकता है.
P-Trap की सफाई करें
सिंक के नीचे लगे यू-शेप के पाइप को पी-ट्रैप कहा जाता है. इसमें अक्सर खाने के कण और चिकनाई जमा हो जाती है. इसके नीचे बाल्टी रखकर इसे सावधानी से खोलें और अंदर जमी गंदगी साफ करें. कई मामलों में जाम सिंक की समस्या यहीं से दूर हो जाती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क