How to Make Pista kulfi: गर्मियों के मौसम में हमेशा ही कुछ ठंडा और मीठा खाने का मन करता है. अक्सर हम अपनी इस क्रेविंग को शांत करने के लिए बाजार से आइसक्रीम या कुल्फी खरीदकर खाते हैं जिसमें प्रिजर्वेटिव्स और मिलावट का डर रहता है. लेकिन अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आज हम आपके लिए लेकर आए हैं सिर्फ 4 चीजों से बनने वाली रबड़ी वाली पिस्ता कुल्फी की बेहद आसान रेसिपी. यह कुल्फी स्वाद में इतनी लाजवाब और मलाईदार है कि इसे खाते ही आपका तन और मन दोनों ठंडक से भर जाएंगे. आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका.
सामग्री
फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
चीनी: आधा कप
पिस्ता: आधा कप (बारीक कटे या पिसे हुए)
इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में दूध डालकर उबलने के लिए रख दें. दूध को मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह घटकर अपनी मूल मात्रा का एक-तिहाई न रह जाए और गाढ़ी रबड़ी जैसा न दिखने लगे. बीच-बीच में कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर दूध में ही मिलाते रहें.
जब दूध गाढ़ा और मलाईदार हो जाए, तो इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालें. चीनी घुलने तक इसे 3-4 मिनट के लिए और पकाएं.
अब इस गाढ़े दूध में बारीक कटे हुए पिस्ता डालें और अच्छी तरह मिला लें. गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को पूरी तरह से ठंडा होने दें.
मिश्रण के ठंडा होने पर इसे कुल्फी मोल्ड या एयर-टाइट कंटेनर में डालें. ऊपर से थोड़े और कटे हुए पिस्ता डालकर गार्निश करें.
मोल्ड को फॉयल पेपर से ढक दें. ताकि बर्फ के क्रिस्टल न जमें और कुल्फी स्टिक लगा दें. इसे 7 से 8 घंटे या रातभर के लिए फ्रीजर में सेट होने के लिए रख दें.
फ्रीजर से निकालकर मोल्ड को कुछ सेकंड के लिए सामान्य पानी में डुबोएं, इससे कुल्फी आसानी से बाहर निकल आएगी. ठंडी-ठंडी मलाईदार पिस्ता कुल्फी सर्व करने के लिए तैयार है!
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क